पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती पर CM साय ने किया नमन, अंत्योदय के संकल्प को दोहराया

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में एकात्म मानववाद के प्रणेता और प्रखर राष्ट्रचिंतक पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर उनके छायाचित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के राष्ट्रसेवा, जनकल्याण और अंत्योदय के विचारों को स्मरण किया।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने अपने विचारों और सिद्धांतों के माध्यम से राष्ट्र के समग्र विकास की ऐसी दृष्टि प्रस्तुत की, जिसके केंद्र में समाज का अंतिम व्यक्ति था। उनका पूरा जीवन राष्ट्रसेवा, जनकल्याण तथा समाज के कमजोर और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित रहा।

अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे विकास का लाभ

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का मानना था कि विकास की वास्तविक सार्थकता तभी है, जब उसका लाभ समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। उनका ‘अंत्योदय’ का सिद्धांत गरीबों, वंचितों और जरूरतमंदों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने तथा उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती को ‘अंत्योदय दिवस’ के रूप में मनाना उनके विचारों के अनुरूप समाज के अंतिम व्यक्ति के कल्याण और उसके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के संकल्प को अभिव्यक्त करता है।

राष्ट्र निर्माण के लिए आज भी प्रेरणास्रोत

मुख्यमंत्री ने कहा कि एकात्म मानववाद और अंत्योदय का दर्शन आज भी राष्ट्र निर्माण और जनकल्याण की दिशा में प्रेरणास्रोत है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों को आत्मसात करते हुए राज्य सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण और विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचार, आदर्श और राष्ट्रसेवा का भाव सदैव देश और समाज को प्रेरित करते रहेंगे।

About The Author