Rajnandgaon Ganesh Visarjan: बारिश के कारण झांकी स्थगित, अब 26 सितंबर को निकलेगी

राजनांदगांव। लगातार हो रही बारिश के चलते शहर में प्रस्तावित गणेश विसर्जन झांकी को एक दिन के लिए आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। शुक्रवार दोपहर शीतला मंदिर प्रांगण में आयोजित झांकी समितियों की बैठक में आपसी सहमति से तय किया गया कि आज विसर्जन झांकी नहीं निकाली जाएगी। अब शनिवार, 26 सितंबर को राजनांदगांव में गणेश विसर्जन की भव्य झांकियां निकाली जाएंगी।

बारिश और सुरक्षा को देखते हुए लिया गया फैसला

बारिश के कारण शहर की सड़कों और झांकी मार्ग पर कई स्थानों पर पानी भरने के साथ फिसलन की स्थिति बनी हुई है। इसके अलावा झांकियों की सजावट, विद्युत व्यवस्था और बड़ी संख्या में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए समितियों ने कार्यक्रम को एक दिन स्थगित करना उचित माना।

बैठक में विभिन्न झांकी समितियों के पदाधिकारियों ने वर्तमान मौसम की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की। इसके बाद सर्वसम्मति से झांकी को एक दिन आगे बढ़ाने पर सहमति बनी।

26 सितंबर को निकलेगी भव्य विसर्जन झांकी

राजनांदगांव की गणेश विसर्जन झांकी को देखने के लिए शहर के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। अब 26 सितंबर को शहर में भव्य गणेश विसर्जन झांकियों का आयोजन किया जाएगा।

कार्यक्रम की नई तारीख को देखते हुए प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन व्यवस्था में आवश्यक बदलाव किए जाने की संभावना है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए झांकी मार्ग पर व्यवस्थाओं को लेकर भी आवश्यक तैयारियां की जाएंगी।

About The Author