Udta Teer Trailer: आयुष्मान खुराना बने पाकिस्तानी जासूस, सारा अली खान के साथ दिखेगा एक्शन और सस्पेंस का तड़का

मुंबई। आयुष्मान खुराना और सारा अली खान की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘उड़ता तीर’ का दमदार ट्रेलर रिलीज हो गया है। ट्रेलर में जासूसी, एक्शन, कॉमेडी और सस्पेंस का ऐसा मिश्रण देखने को मिलता है, जो फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा रहा है। फिल्म का निर्देशन आकाश ए. कौशिक कर रहे हैं और यह बतौर निर्देशक उनकी पहली फिल्म है।

पाकिस्तानी इंटेलिजेंस ऑफिसर बने आयुष्मान

ट्रेलर में आयुष्मान खुराना बिलाल नाम के पाकिस्तानी इंटेलिजेंस ऑफिसर की भूमिका में नजर आ रहे हैं। कहानी में एक बड़े धमाके के बाद बिलाल की याददाश्त चली जाती है और वह अपनी असली पहचान भूल जाता है।

इसके बाद वह खुद को भारत की काउंटर-टेररिज्म स्क्वॉड (CTS) का अधिकारी समझने लगता है। यही गलत पहचान कहानी में कई मजेदार, रोमांचक और अप्रत्याशित मोड़ लेकर आती है।

सारा अली खान का दमदार एक्शन अवतार

फिल्म में सारा अली खान CTS ऑफिसर की भूमिका निभा रही हैं। ट्रेलर में उनका एक्शन अवतार देखने को मिल रहा है। उन्हें बिलाल की असली पहचान के बारे में कोई जानकारी नहीं है।

दोनों किरदारों के बीच की केमिस्ट्री, मिशन और पहचान को लेकर पैदा होने वाली गलतफहमियां फिल्म की कहानी को दिलचस्प बनाती हैं।

ट्रेन एक्शन से धमाकेदार मिशन तक

‘उड़ता तीर’ के ट्रेलर में ट्रेन एक्शन सीक्वेंस, धमाके, जासूसी मिशन और हाई-स्टेक ऑपरेशन की झलक देखने को मिलती है। वहीं, गंभीर स्पाई-थ्रिलर कहानी के बीच कॉमेडी और पॉलिटिकल सटायर का तड़का इसे अलग अंदाज देता नजर आ रहा है।

फिल्म में नजर आएंगे कई बड़े कलाकार

आयुष्मान खुराना और सारा अली खान के अलावा फिल्म में वामिका गब्बी, राहुल बोस, राम कपूर, सुहैल नय्यर, गुलशन ग्रोवर, मुकुल देव, रघुबीर यादव, बृजेंद्र काला, संदीप आनंद, सुप्रिया पिलगांवकर और स्मिता तांबे अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।

फिल्म का निर्माण करण जौहर, गुनीत मोंगा कपूर, अदार पूनावाला, अपूर्व मेहता और अचिन जैन ने किया है।

9 अक्टूबर को सिनेमाघरों में आएगी ‘उड़ता तीर’

ट्रेलर रिलीज होने के साथ ही फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच चर्चा तेज हो गई है। जासूसी, एक्शन, कॉमेडी और सस्पेंस से भरपूर ‘उड़ता तीर’ 9 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

About The Author