रायपुर में तेज रफ्तार कार का कहर! रिवर्स लेते वक्त छात्रा को मारी जोरदार टक्कर, CCTV फुटेज वायरल
Raipur। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का एक मामला सामने आया है। विधानसभा थाना क्षेत्र में रिवर्स ले रही एक कार ने सड़क पर मौजूद छात्रा को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक, हादसे में घायल छात्रा की पहचान समाया जिंदल के रूप में हुई है। कार की टक्कर से उन्हें कंधे, पसली, कोहनी, घुटने और हाथ-पैर में गंभीर चोटें आई हैं। हादसे के बाद उन्हें इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
सामने आए CCTV फुटेज में कार को रिवर्स लेते समय छात्रा को टक्कर मारते हुए देखा जा सकता है। हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।मामला विधानसभा थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने इस मामले में FIR दर्ज कर ली है और घटना की जांच शुरू कर दी है।
इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और वाहन चालकों की जिम्मेदारी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर लापरवाही से वाहन चलाने वालों पर सख्ती कब होगी, ताकि सड़क पर चलने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके?
