हमीरपुर में बिजली विभाग के कार्यालय में हंगामा, महिला कर्मचारी ने अधिशासी अभियंता को जड़े थप्पड़; लगाए गंभीर आरोप

हमीरपुर। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में बिजली विभाग के कार्यालय में उस वक्त हंगामा मच गया, जब एक महिला कर्मचारी ने अधिशासी अभियंता मनोज कुमार विश्वकर्मा के केबिन में पहुंचकर उन पर थप्पड़ों की बौछार कर दी। घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में है।

महिला कर्मचारी ने अधिशासी अभियंता पर अभद्र व्यवहार करने, हाथ पकड़कर अपनी ओर खींचने और घर का पता पूछने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।महिला के मुताबिक, पति की मौत के बाद वह अकेले किराये के कमरे में रहती है। आरोप है कि अधिकारी अक्सर उसे फोन कर कमरे का पता पूछते थे और बिना किसी काम के अपने केबिन में बुलाकर निजी बातें करते थे।

महिला का आरोप है कि घटना वाले दिन अधिकारी ने उसे चाय पीने के लिए घर बुलाने की बात कही। इस पर महिला ने कार्यालय में चाय मंगवाने की बात कही और घर बुलाने से इनकार कर दिया। महिला का दावा है कि इसके बाद अधिकारी ने उसका हाथ पकड़कर अपनी ओर खींच लिया, जिससे नाराज होकर उसने अधिकारी के साथ मारपीट की।

महिला ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद उस पर समझौता करने का दबाव बनाया जा रहा है। उसने मीटर के एई रॉबी गौतम पर बार-बार फोन करने की बात भी कही है। महिला ने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए पुलिस से मदद मांगी है।

वहीं, अधिशासी अभियंता मनोज कुमार विश्वकर्मा ने महिला के आरोपों को गलत बताया है। उनका कहना है कि महिला को केवल काम के सिलसिले में केबिन में बुलाया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि महिला ने उनके साथ मारपीट की और इसका वीडियो बनाया।फिलहाल मामला पुलिस तक पहुंच गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

About The Author