जशपुर को मिली 16 करोड़ की सौगात! पीएम जनमन योजना से बनेंगे 5 बड़े पुल, आदिवासी क्षेत्रों की राह होगी आसान
जशपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ के दूरस्थ एवं जनजातीय बहुल क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को लेकर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में जशपुर जिले को प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम जनमन) योजना के तहत पांच वृहद पुलों की सौगात मिली है। इन पुलों के निर्माण के लिए राज्य शासन ने कुल 16 करोड़ 3 लाख 34 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है।
भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा 6 नवंबर 2026 को जारी स्वीकृति पत्र के अनुसार, पीएम जनमन योजना के वर्ष 2026-27 के बैच-I में छत्तीसगढ़ में कुल 167 पुलों के निर्माण को मंजूरी दी गई है। इनमें जशपुर जिले के बगीचा विकासखंड के पांच महत्वपूर्ण पुल शामिल हैं। इन पुलों के निर्माण से दूरस्थ जनजातीय बसाहटों का मुख्य सड़कों से संपर्क मजबूत होगा और ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।
बगीचा विकासखंड में बनेंगे 290 मीटर लंबे पांच पुल
स्वीकृत निर्माण कार्यों में पांच पुलों की कुल लंबाई 290 मीटर होगी। इनके लिए अलग-अलग बजट निर्धारित किया गया है।
- डंगरी से दरावाकोना मार्ग: नाले पर 60 मीटर लंबे पुल के लिए 3 करोड़ 56 लाख 23 हजार रुपये।
- जबला से नवापारा मार्ग: 30 मीटर लंबे पुल के लिए 1 करोड़ 83 लाख 21 हजार रुपये।
- कमरीमा मंझाटोली से खपरीडीह मार्ग: 60 मीटर लंबे पुल के लिए 4 करोड़ 4 लाख 19 हजार रुपये।
- बगीचा-कांसाबेल मार्ग से जनकपुर पहुंच मार्ग: 80 मीटर लंबे पुल के लिए 3 करोड़ 52 लाख 67 हजार रुपये।
- कुहापानी से बांसधार मार्ग: 60 मीटर लंबे पुल के लिए 3 करोड़ 7 लाख 4 हजार रुपये।
बारिश में आवागमन की परेशानी से मिलेगी राहत
इन पुलों के निर्माण से सबसे बड़ा फायदा ग्रामीणों को बारिश के मौसम में मिलेगा। अभी नालों में पानी बढ़ने के कारण कई ग्रामीण क्षेत्रों का संपर्क बाधित हो जाता है। पुल बनने के बाद लोगों को सालभर आवागमन की सुविधा मिलने की उम्मीद है।
इसके अलावा किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने, विद्यार्थियों को स्कूल-कॉलेज जाने और मरीजों को अस्पताल एवं स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंचने में आसानी होगी। बेहतर सड़क संपर्क से स्थानीय व्यापार, रोजगार और आजीविका के अवसरों को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है।
जनजातीय क्षेत्रों के विकास को मिलेगी नई गति
पीएम जनमन योजना के तहत स्वीकृत ये पुल जशपुर जिले के दूरस्थ जनजातीय क्षेत्रों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। बेहतर कनेक्टिविटी से ग्रामीणों तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और आवश्यक सेवाओं की पहुंच आसान होगी।
सभी निर्माण कार्य स्वीकृत राशि के अंतर्गत पूरे किए जाएंगे। तकनीकी स्वीकृति मिलने के बाद नियमानुसार निर्माण कार्य शुरू किए जाएंगे। इन पुलों के बनने से बगीचा विकासखंड के ग्रामीण इलाकों में विकास और संपर्क व्यवस्था को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।
