MP Road Projects: CM मोहन यादव और नितिन गडकरी ने की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की समीक्षा, कनेक्टिविटी बढ़ाने पर जोर

भोपाल। मध्यप्रदेश में सड़क अधोसंरचना को मजबूत करने और राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं को गति देने को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी की उपस्थिति में मुख्यमंत्री निवास में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में प्रदेश की प्रमुख सड़क परियोजनाओं, भविष्य की विस्तार योजनाओं और निर्माण कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई।

सड़क परियोजनाओं से औद्योगिक गतिविधियों और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्रीय मंत्री श्री नितिन गडकरी की पहल से मध्यप्रदेश में सड़क परियोजनाओं का तेजी से क्रियान्वयन हो रहा है। बेहतर सड़क नेटवर्क से प्रदेश में औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार के साथ धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान बनाने में भी मदद मिल रही है।

मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री गडकरी को प्रदेश की प्रमुख सड़क परियोजनाओं तथा आने वाले समय में प्रस्तावित सड़क विस्तार योजनाओं की जानकारी भी दी।

सड़क निर्माण में गुणवत्ता और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी सड़क परियोजनाओं में निर्माण गुणवत्ता और सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक परियोजना का डिजाइन तकनीकी मानकों और सड़क सुरक्षा के अनुरूप होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर स्थानीय निवासियों की समस्याओं के कारण सड़क परियोजनाएं लंबित हैं, वहां संवाद और समन्वय के माध्यम से समाधान निकाला जाए। भूमि अधिग्रहण और वन स्वीकृति से जुड़े मामलों में राज्य सरकार के अधिकारी संबंधित केंद्रीय मंत्रालयों के साथ निरंतर संपर्क में रहें, ताकि परियोजनाओं को पूरा करने में अनावश्यक देरी न हो।

कान्हा को नागपुर, जबलपुर और रायपुर से बेहतर सड़क कनेक्टिविटी

बैठक में कान्हा राष्ट्रीय उद्यान की सड़क कनेक्टिविटी को नागपुर, जबलपुर और रायपुर से बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। साथ ही बालाघाट जिले में बेहतर रोड नेटवर्क विकसित करने के लिए भी कार्ययोजना बनाने पर जोर दिया गया।

सिंहस्थ 2028 को देखते हुए उज्जैन की कनेक्टिविटी पर फोकस

केंद्रीय मंत्री गडकरी ने सिंहस्थ-2028 के दृष्टिगत उज्जैन को जोड़ने वाले सभी प्रमुख मार्गों के निर्माण एवं विकास कार्यों को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में प्रदेश की सड़क कनेक्टिविटी को आगामी धार्मिक और पर्यटन गतिविधियों की जरूरतों के अनुरूप मजबूत करने पर भी चर्चा हुई।

अटल एक्सप्रेस-वे को बटेश्वर तक ले जाने की योजना

गडकरी ने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के बटेश्वर से विशेष संबंध का उल्लेख करते हुए कहा कि अटल एक्सप्रेस-वे का निर्माण बटेश्वर तक किया जाएगा। इससे क्षेत्र की सड़क कनेक्टिविटी को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।

शहपुरा ROB से प्रभावित आवागमन पर टोल वसूली स्थगित करने के निर्देश

जबलपुर के शहपुरा आरओबी के क्षतिग्रस्त होने से प्रभावित आवागमन को देखते हुए केंद्रीय मंत्री गडकरी ने नागरिकों की परेशानी को ध्यान में रखते हुए शहपुरा टोल प्लाजा पर टोल वसूली स्थगित करने के निर्देश दिए।

इन प्रमुख परियोजनाओं पर भी हुई चर्चा

समीक्षा बैठक में कई महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई। इनमें प्रमुख रूप से—

  • देवास जिले में संदलपुर से नसरूल्लागंज बायपास
  • उज्जैन-झालाबाड़ फोरलेन
  • सतना-चित्रकूट फोरलेन
  • जबलपुर-लखनादौन-रायपुर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे
  • लौनी-बुरहानपुर लिंक

शामिल हैं। संबंधित परियोजनाओं को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

केंद्र और राज्य के वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल, अपर मुख्य सचिव श्री नीरज मंडलोई, प्रमुख सचिव लोक निर्माण सुखवीर सिंह सहित वन एवं राजस्व विभाग तथा केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author