Satyendra S. Lohiya: इंग्लिश चैनल की चुनौती तीसरी बार पूरी, CM मोहन यादव ने दी बधाई
भोपाल। अंतर्राष्ट्रीय पैरा तैराक एवं पद्मश्री से सम्मानित सत्येंद्र एस. लोहिया ने यूनाइटेड किंगडम के डोवर से फ्रांस तक करीब 36 किलोमीटर लंबे इंग्लिश चैनल की चुनौती तीसरी बार सफलतापूर्वक पूरी कर उपलब्धि हासिल की है। इस सफलता पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सत्येंद्र एस. लोहिया और उनकी पूरी टीम को हार्दिक बधाई दी है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर बधाई संदेश देते हुए कहा कि 21 घंटे 20 मिनट की कठिन तैराकी को तिरंगे के साथ पूरा कर भारतीय पैरा तैराकों ने मध्यप्रदेश और देश का मान बढ़ाया है।
युवाओं के लिए प्रेरणादायी उपलब्धि
मुख्यमंत्री ने कहा कि सत्येंद्र एस. लोहिया और उनकी टीम की यह उपलब्धि देश के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने भारतीय पैरा तैराकों के साहस, दृढ़ संकल्प और उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
इंग्लिश चैनल की चुनौती को तीसरी बार सफलतापूर्वक पूरा करना सत्येंद्र एस. लोहिया के खेल जीवन की उल्लेखनीय उपलब्धियों में शामिल है। तिरंगे के साथ इस चुनौती को पूरा करने से उपलब्धि का राष्ट्रीय गौरव भी जुड़ा है।
