सेवा सेतु से आसान हुई सरकारी सेवाएं: कोरबा के ग्रामीण परिवार को एक सप्ताह में मिला आय प्रमाण पत्र

कोरबा। छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी ‘सेवा सेतु’ पहल ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में सुशासन की नई मिसाल बन रही है। इस व्यवस्था के माध्यम से नागरिकों को अब विभिन्न शासकीय प्रमाण पत्रों और सेवाओं के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं। समयबद्ध, पारदर्शी और सरल प्रक्रिया के कारण आम लोगों का समय और धन दोनों बच रहे हैं, वहीं शासन के प्रति उनका विश्वास भी लगातार मजबूत हो रहा है।

इसी पहल का सकारात्मक उदाहरण कोरबा जिले के पाली तहसील अंतर्गत नानबांका गांव में देखने को मिला। यहां के निवासी रनसिंह नेटी ने अपने पुत्र सुनील कुमार के लिए आय प्रमाण पत्र बनवाने हेतु लोक सेवा केंद्र, सुतर्रा में आवेदन किया था। आवेदन के लगभग एक सप्ताह के भीतर ही आय प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया, जिससे परिवार को आवश्यक दस्तावेज समय पर उपलब्ध हो गया।

प्रमाण पत्र मिलने पर सुनील कुमार और उनके पिता रनसिंह नेटी ने खुशी व्यक्त करते हुए छत्तीसगढ़ शासन की सेवा सेतु पहल की सराहना की। उन्होंने बताया कि पहले ऐसे कार्यों के लिए कई बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे, जिससे समय और आर्थिक दोनों तरह की परेशानी होती थी। अब सेवा सेतु के माध्यम से पूरी प्रक्रिया आसान, पारदर्शी और समयबद्ध हो गई है।

उन्होंने कहा कि सेवा सेतु जैसी पहल ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए बेहद लाभकारी साबित हो रही है। इससे न केवल आवश्यक दस्तावेज आसानी से उपलब्ध हो रहे हैं, बल्कि शासन की सेवाएं भी आम नागरिकों के द्वार तक पहुंच रही हैं। यह पहल सुशासन को मजबूत करने और ग्रामीण नागरिकों को बेहतर प्रशासनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।

About The Author