CG News: छत्तीसगढ़ के 24.59 लाख किसानों के खातों में पहुंचे ₹498.48 करोड़, PM किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त जारी
रायपुर। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के माध्यम से किसानों को खेती-किसानी की जरूरतों के लिए नियमित आर्थिक सहायता मिल रही है। यह योजना विशेष रूप से छोटे और सीमांत किसानों के लिए आर्थिक संबल बन रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर के स्वामी विवेकानंद सभागार में आयोजित पीएम किसान उत्सव दिवस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यह बात कही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने किसानों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

देश के 9.34 करोड़ से अधिक किसानों को मिली 24वीं किस्त
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के बनासकांठा में आयोजित पीएम किसान उत्सव दिवस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त जारी की। इसके तहत देश के 9 करोड़ 34 लाख से अधिक किसानों के बैंक खातों में 18 हजार 690 करोड़ रुपये से अधिक की राशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से भेजी गई।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इस योजना से किसानों को बीज, खाद, उर्वरक और खेती से जुड़ी अन्य आवश्यकताओं को पूरा करने में मदद मिल रही है। विशेष रूप से छोटे और सीमांत किसानों को इसका लाभ मिल रहा है।
छत्तीसगढ़ के 24.59 लाख से अधिक किसानों को मिले ₹498.48 करोड़
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त के तहत छत्तीसगढ़ के 24 लाख 59 हजार 707 किसानों के बैंक खातों में 498 करोड़ 48 लाख रुपये की राशि अंतरित की गई है।
उन्होंने बताया कि योजना की शुरुआत से अब तक छत्तीसगढ़ के किसानों को 24 किस्तों के माध्यम से 11 हजार 776 करोड़ 50 लाख रुपये से अधिक की राशि दी जा चुकी है। यह सहायता सीधे किसानों के बैंक खातों में पहुंचाई गई है, जिससे वितरण प्रक्रिया पारदर्शी और सुगम बनी है।
बीज, खाद और खेती की जरूरतों में मिल रही आर्थिक मदद
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि किसानों को खेती के लिए समय पर आर्थिक सहायता मिलना बेहद जरूरी है। बीज, खाद, उर्वरक और कृषि गतिविधियों से जुड़ी दूसरी जरूरतों को पूरा करने में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना मददगार साबित हो रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अन्नदाताओं की छोटी-छोटी आवश्यकताओं को समझते हुए उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की पहल की है। मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ के किसान परिवारों की ओर से प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि किसानों की समृद्धि से गांवों की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। कृषि क्षेत्र में आय बढ़ने, बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होने और आधुनिक तकनीक के विस्तार से विकसित छत्तीसगढ़ तथा विकसित भारत के लक्ष्य को गति मिलेगी।
प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों को राहत देगी राज्य सरकार
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री साय ने चक्रवात ‘अर्नब’ के कारण प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में फसलों को हुए नुकसान का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रभावित किसानों के साथ मजबूती से खड़ी है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि फसल क्षति का आकलन कर प्रभावित किसानों को समय पर राहत उपलब्ध कराने के लिए सभी जिला कलेक्टरों को तत्काल सर्वेक्षण कराने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार का प्रयास है कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों को आवश्यक सहायता शीघ्र उपलब्ध कराई जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों के हितों की रक्षा और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।
