CG News: चक्रवात ‘अर्नब’ से फसल नुकसान पर CM साय सख्त, कलेक्टरों को तत्काल सर्वे के निर्देश
रायपुर। छत्तीसगढ़ में चक्रवात ‘अर्नब’ के प्रभाव से विभिन्न क्षेत्रों में फसलों को हुए नुकसान को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गंभीरता दिखाई है। उन्होंने प्रदेश के सभी जिला कलेक्टरों को प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल फसल क्षति का सर्वेक्षण कराने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा है कि प्रभावित किसानों को राहत मिलने में किसी तरह की देरी या परेशानी नहीं होनी चाहिए।
आरबीसी 6-4 के तहत पात्र किसानों को मिलेगी सहायता
मुख्यमंत्री साय ने निर्देश दिए हैं कि प्रभावित क्षेत्रों में फसलों को हुए नुकसान का शीघ्र और व्यवस्थित आकलन किया जाए। सर्वेक्षण के बाद आरबीसी 6-4 के प्रावधानों और निर्धारित मानदंडों के अनुसार पात्र किसानों को सहायता राशि उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सर्वेक्षण से लेकर मुआवजा राशि के वितरण तक की पूरी प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरी की जाए। किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न हो, ताकि प्रभावित किसानों को जल्द राहत मिल सके।
किसानों को राहत देने प्रशासन को संवेदनशीलता से काम करने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को प्रभावित किसानों के प्रति संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य करने को कहा है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं कि फसल नुकसान का सही आकलन हो और पात्र किसानों तक सहायता समय पर पहुंचे।
सरकार का जोर चक्रवात से प्रभावित किसानों को शीघ्र राहत उपलब्ध कराने और सहायता वितरण की प्रक्रिया को बिना अनावश्यक देरी के पूरा करने पर है।
