नवा रायपुर को मिली अत्याधुनिक सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल की सौगात, वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने किया शुभारंभ
नवा रायपुर। छत्तीसगढ़ की नई राजधानी नवा रायपुर को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं की दिशा में बड़ी सौगात मिली है। सेक्टर-9 में अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से लैस सरोज सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल का आज विधिवत शुभारंभ किया गया। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि वित्त मंत्री ओपी चौधरी रहे। इस अवसर पर मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, जनप्रतिनिधि, चिकित्सक, अस्पताल प्रबंधन और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि किसी भी राज्य के समग्र विकास में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। नवा रायपुर में इस आधुनिक अस्पताल के शुरू होने से आसपास के नागरिकों को बेहतर और विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य, शिक्षा और आधारभूत अधोसंरचना के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है, जिससे प्रदेशवासियों का जीवन स्तर लगातार बेहतर हो रहा है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ आज देश के तेजी से विकसित होते राज्यों में अपनी मजबूत पहचान बना चुका है। एक समय जिन चुनौतियों की चर्चा होती थी, आज प्रदेश उन्हें पीछे छोड़कर विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है। राज्य में निवेश बढ़ रहा है, उद्योगों का विस्तार हो रहा है और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर लगातार सृजित हो रहे हैं।
वित्त मंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में निजी निवेश को बढ़ावा मिलने से नागरिकों को विश्वस्तरीय चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही ऐसे अस्पताल स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी उपलब्ध कराएंगे, जिससे क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को भी मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में मजबूत स्वास्थ्य अधोसंरचना की अहम भूमिका है। सरकार के प्रयासों और निजी क्षेत्र की सहभागिता से प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाएं लगातार सुदृढ़ हो रही हैं, जिसका सीधा लाभ आम नागरिकों को मिल रहा है।
उल्लेखनीय है कि 50 बिस्तरों वाले सरोज सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में आधुनिक चिकित्सा उपकरणों और विशेषज्ञ डॉक्टरों की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। अस्पताल शुरू होने से नवा रायपुर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर इलाज के लिए दूसरे शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा तथा उन्हें गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं अपने क्षेत्र में ही उपलब्ध होंगी।
