CG News: भारत पर्व 2026 में PM मोदी से मिलीं कोरिया की महिला उद्यमी हीना, 37 महिलाओं की आजीविका का सहारा बना मिलेट्स कैफे

रायपुर। छत्तीसगढ़ की ग्रामीण महिलाएं अब अपनी मेहनत, उद्यमशीलता और आत्मविश्वास के दम पर आर्थिक आत्मनिर्भरता की नई मिसाल पेश कर रही हैं। इसकी प्रेरणादायक झलक गुजरात के एकता नगर में आयोजित भारत पर्व 2026 में देखने को मिली। यहां कोरिया जिले की महिला उद्यमी और मिलेट्स कैफे की संचालिका श्रीमती हीना को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से संवाद करने और अपनी सफलता की कहानी साझा करने का अवसर मिला।

इस दौरान हीना ने बताया कि छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ से जुड़कर ग्रामीण महिलाएं किस तरह सामूहिक प्रयासों के माध्यम से स्वरोजगार और आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।

37 महिलाओं को रोजगार और नियमित आय से जोड़ रहा कोरिया मिलेट्स कैफे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बातचीत के दौरान श्रीमती हीना ने बताया कि उनके द्वारा संचालित कोरिया मिलेट्स कैफे ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण का महत्वपूर्ण माध्यम बन गया है। इस कैफे से जुड़कर 37 महिलाएं विभिन्न आजीविका गतिविधियों के जरिए नियमित आय अर्जित कर रही हैं।

उन्होंने बताया कि कभी सीमित आजीविका के साधनों पर निर्भर रहने वाली ग्रामीण महिलाएं आज अपने हुनर, मेहनत और सामूहिक प्रयासों से स्वरोजगार की नई पहचान बना रही हैं।

हीना के अनुसार, बिहान मिशन ने महिलाओं को संगठित होकर आगे बढ़ने और अपनी क्षमताओं को उद्यम में बदलने का अवसर दिया है। कोरिया मिलेट्स कैफे इसी सामूहिक उद्यमशीलता का उदाहरण है।

श्री अन्न के व्यंजनों से देशभर में पहुंच रही छत्तीसगढ़ की पहचान

कोरिया मिलेट्स कैफे में मोटे अनाज यानी श्री अन्न से पौष्टिक और पारंपरिक छत्तीसगढ़ी व्यंजन तैयार किए जाते हैं। इससे एक ओर पौष्टिक खानपान को बढ़ावा मिल रहा है, वहीं दूसरी ओर प्रदेश की समृद्ध खाद्य संस्कृति और स्थानीय व्यंजनों को भी नई पहचान मिल रही है।

श्रीमती हीना ने प्रधानमंत्री को बताया कि भारत पर्व में छत्तीसगढ़ के पारंपरिक मिलेट्स व्यंजनों का स्टॉल लगाया गया है। इसके माध्यम से देश के अलग-अलग राज्यों से आने वाले आगंतुकों को छत्तीसगढ़ के पारंपरिक स्वाद, स्थानीय खाद्य संस्कृति और ग्रामीण महिलाओं की उद्यमशीलता से परिचित कराया जा रहा है।

राष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ की महिला शक्ति का गौरव

गुजरात के एकता नगर में 30 अक्टूबर से 15 नवंबर 2026 तक भारत पर्व का आयोजन किया जा रहा है। इस राष्ट्रीय आयोजन में देश के विभिन्न राज्यों के शिल्पकार, उद्यमी और स्व-सहायता समूह अपनी पारंपरिक कला, हस्तशिल्प, स्थानीय व्यंजनों और सांस्कृतिक विरासत का प्रदर्शन कर रहे हैं।

इस आयोजन में कोरिया जिले की महिला उद्यमी श्रीमती हीना का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से संवाद छत्तीसगढ़ की ग्रामीण महिलाओं के बढ़ते आत्मविश्वास और आर्थिक सशक्तिकरण को राष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाने वाला अवसर बना है।

कोरिया मिलेट्स कैफे की सफलता यह दिखाती है कि स्थानीय संसाधनों, पारंपरिक खानपान और सामूहिक उद्यमशीलता के जरिए ग्रामीण महिलाएं न केवल अपनी आजीविका मजबूत कर सकती हैं, बल्कि प्रदेश की पहचान को भी देशभर तक पहुंचा सकती हैं।

About The Author