CG News: अहिवारा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा के निधन पर CM विष्णु देव साय ने जताया शोक, बोले- उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा
रायपुर। छत्तीसगढ़ के अहिवारा विधानसभा क्षेत्र के विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा के निधन पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने उनके निधन को प्रदेश और क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है।
CM साय ने सोशल मीडिया पर जताया दुख
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि डोमनलाल कोर्सेवाड़ा के निधन की सूचना से वे स्तब्ध हैं। उन्होंने कहा कि सरल व्यक्तित्व, जनसरोकारों के प्रति संवेदनशीलता और संगठन के प्रति अटूट निष्ठा कोर्सेवाड़ा की विशेष पहचान रही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र की जनता के सुख-दुःख में सदैव साथ खड़े रहने वाले कोर्सेवाड़ा का निधन हम सभी के लिए गहरी पीड़ा का विषय है। जनसेवा के प्रति उनका समर्पण और योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
शोकसंतप्त परिवार के प्रति व्यक्त की संवेदना
मुख्यमंत्री साय ने प्रभु श्रीराम से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने की प्रार्थना की। साथ ही शोकसंतप्त परिजनों और उनके सभी स्नेहीजनों को इस कठिन समय में धैर्य एवं संबल प्रदान करने की कामना की।
विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा के निधन की खबर से उनके समर्थकों और क्षेत्र के लोगों में शोक का माहौल है।
