बम्हनीडीह नगर पंचायत में 2 जुलाई को होगा शपथ ग्रहण समारोह, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय करेंगे शिरकत
जांजगीर-चांपा। नगर पंचायत बम्हनीडीह के नवनिर्वाचित अध्यक्ष और पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह 2 जुलाई 2026 (गुरुवार) को प्रातः 10:30 बजे आईटीआई ग्राउंड, बम्हनीडीह में आयोजित किया जाएगा। समारोह में नवनिर्वाचित अध्यक्ष रमेश कुमार डड़सेना सहित सभी पार्षद पद एवं गोपनीयता की शपथ लेंगे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय होंगे मुख्य अतिथि
शपथ ग्रहण समारोह के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव करेंगे।
कई मंत्री और जनप्रतिनिधि रहेंगे मौजूद
समारोह में वित्त मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री ओ.पी. चौधरी, कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब तथा जांजगीर-चांपा सांसद कमलेश जांगड़े अति विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
इसके अलावा कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव, छत्तीसगढ़ राज्य खनिज विकास निगम के अध्यक्ष सौरभ सिंह, जैजैपुर विधायक बालेश्वर साहू, पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, पूर्व संसदीय सचिव अंबेश जांगड़े तथा जिला पंचायत जांजगीर-चांपा की अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना
नगर पंचायत बम्हनीडीह के शपथ ग्रहण समारोह में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, गणमान्य नागरिकों और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम को लेकर प्रशासन और नगर पंचायत द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं।
