MP DA Hike: मध्यप्रदेश के सरकारी कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 2% बढ़ेगा, जनवरी से मिलेगा लाभ

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने की घोषणा, 9 महीने का एरियर तीन समान किस्तों में मिलेगा; पेंशनर्स की महंगाई राहत में भी 2 प्रतिशत वृद्धि

भोपाल। मध्यप्रदेश के सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों के लिए राहत भरी खबर है। राज्य सरकार ने महंगाई भत्ते (DA) में 2 प्रतिशत की वृद्धि करने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अधिकारियों और कर्मचारियों के हितों का हमेशा ध्यान रखती है। सरकार कर्मचारियों और पेंशनर्स के हितों के साथ खड़ी है और उनके कल्याण के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

जनवरी से सितंबर तक का एरियर तीन किस्तों में मिलेगा

महंगाई भत्ते में की गई 2 प्रतिशत की वृद्धि का लाभ शासकीय सेवकों को जनवरी 2026 से देय होगा। जनवरी से सितंबर तक के कुल नौ महीनों के एरियर का भुगतान तीन समान मासिक किस्तों में किया जाएगा।

वहीं, अक्टूबर 2026 के वेतन, जिसका भुगतान नवंबर में किया जाएगा, से बढ़े हुए महंगाई भत्ते की राशि नकद मिलनी शुरू होगी।

पेंशनर्स की महंगाई राहत में भी 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी

राज्य सरकार ने पेंशनर्स को भी राहत दी है। उनके लिए महंगाई राहत (DR) में जुलाई 2026 से 2 प्रतिशत की वृद्धि करने का निर्णय लिया गया है।

सरकार के इस फैसले से प्रदेश के शासकीय कर्मचारियों, अधिकारियों और पेंशनर्स को बढ़ती महंगाई के बीच आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।

About The Author