जांजगीर-चांपा के किसानों को बड़ी राहत: खरीफ 2026 में अब मिलेगा पात्रता अनुसार एकमुश्त यूरिया, खत्म हुई 80% सीमा

जांजगीर-चांपा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार किसानों को समय पर कृषि आदान उपलब्ध कराने और खेती को अधिक सुगम बनाने की दिशा में लगातार महत्वपूर्ण निर्णय ले रही है। इसी कड़ी में खरीफ सीजन 2026 के लिए जांजगीर-चांपा जिले के किसानों को बड़ी राहत मिली है। अब सहकारी समितियों के माध्यम से यूरिया वितरण पर लागू 80 प्रतिशत की सीमा समाप्त कर दी गई है। इससे किसानों को उनकी पात्रता के अनुसार एकमुश्त यूरिया उपलब्ध कराया जाएगा।

खरीफ 2025 की तरह मिलेगा पूरा यूरिया

उप संचालक कृषि राकेश शर्मा ने बताया कि खरीफ 2026 में किसानों को खरीफ 2025 में प्राप्त यूरिया की मात्रा के अनुरूप उर्वरक वितरित किया जाएगा। यदि संबंधित सहकारी समिति में पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध होगा, तो किसानों को एक ही बार में पूरा यूरिया मिल जाएगा। वहीं, किसी समिति में स्टॉक कम होने की स्थिति में शेष मात्रा उपलब्ध होते ही किसानों को वितरित कर दी जाएगी।

बार-बार नहीं लगाने पड़ेंगे समिति के चक्कर

सरकार के इस फैसले से किसानों को बार-बार सहकारी समितियों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। समय पर उर्वरक मिलने से खरीफ सीजन में खेती की तैयारियां बिना किसी बाधा के पूरी हो सकेंगी और फसल उत्पादन में भी सकारात्मक वृद्धि होने की उम्मीद है।

किसान हित में सरकार का बड़ा फैसला

राज्य सरकार का कहना है कि यह निर्णय किसान हितों के प्रति उसकी संवेदनशीलता और खेती को अधिक लाभकारी बनाने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। सरकार का उद्देश्य किसानों को समय पर आवश्यक कृषि आदान उपलब्ध कराकर उनकी उत्पादन क्षमता बढ़ाना तथा कृषि को अधिक समृद्ध और टिकाऊ बनाना है।

About The Author