डेढ़ महीने से अटका था काम, CM हेल्पलाइन 1076 पर एक कॉल और सिर्फ 6 घंटे में मिला समाधान
बालोद। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बनती जा रही है। इसका ताजा उदाहरण बालोद जिले के ग्राम बोरी निवासी टेमन लाल साहू हैं, जिनकी डेढ़ महीने से लंबित समस्या का समाधान महज 6 घंटे में कर दिया गया।
डेढ़ महीने तक लगाते रहे चक्कर
तीन माह पहले विवाह होने के बाद टेमन लाल अपनी पत्नी का नाम राशन कार्ड में जुड़वाना चाहते थे। इसके लिए आधार कार्ड में पत्नी के रिकॉर्ड में पति का नाम और पता अपडेट कराना आवश्यक था।
तकनीकी कारणों से यह कार्य लगातार अटकता रहा और टेमन लाल करीब डेढ़ महीने तक विभिन्न केंद्रों के चक्कर लगाते रहे। कई प्रयासों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ, जिससे वे काफी परेशान हो चुके थे।
CM हेल्पलाइन 1076 पर एक कॉल और तुरंत कार्रवाई
इसी दौरान टेमन लाल को बालोद जिला प्रशासन के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 की जानकारी मिली। उन्होंने तुरंत हेल्पलाइन पर अपनी शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत दर्ज होते ही ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर ने स्वयं टेमन लाल से संपर्क किया, आवश्यक दस्तावेज प्राप्त किए और तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी।
महज 6 घंटे में पूरा हुआ काम
जिस कार्य के लिए टेमन लाल पिछले डेढ़ महीने से परेशान थे, वह प्रशासन की तत्परता और संवेदनशीलता के चलते सिर्फ 6 घंटे में पूरा हो गया। आधार कार्ड में आवश्यक सुधार होने के बाद अब वे अपनी पत्नी का नाम आसानी से राशन कार्ड में जुड़वा सकेंगे और विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकेंगे।
“हम जैसे लोगों के लिए वरदान है CM हेल्पलाइन”
अपनी खुशी व्यक्त करते हुए टेमन लाल साहू ने कहा,
“सीएम हेल्पलाइन 1076 हम जैसे आम लोगों के लिए वरदान साबित हो रही है। जहां महीनों से काम अटका हुआ था, वहां सिर्फ एक कॉल से कुछ ही घंटों में समाधान मिल गया। इसके लिए मैं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का हृदय से धन्यवाद करता हूं।”
उन्होंने जिले के अन्य नागरिकों से भी अपील की कि यदि किसी सरकारी कार्य में अनावश्यक देरी हो रही हो या प्रशासनिक समस्या आ रही हो, तो वे मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 का उपयोग अवश्य करें।
