राष्ट्रीय सांख्यिकी दिवस 2026: नवा रायपुर में विश्वसनीय आंकड़ों और डेटा आधारित नीति निर्माण पर जोर

रायपुर। आर्थिक एवं सांख्यिकी संचालनालय, छत्तीसगढ़ द्वारा इंद्रावती भवन, नवा रायपुर में राष्ट्रीय सांख्यिकी दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विश्वसनीय एवं गुणवत्तापूर्ण सांख्यिकीय आंकड़ों, साक्ष्य-आधारित नीति निर्माण तथा प्रशासनिक आंकड़ों के प्रभावी उपयोग के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

सुशासन और विकास की मजबूत नींव हैं विश्वसनीय आंकड़े

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग के संचालक तीर्थराज अग्रवाल ने कहा कि विश्वसनीय सांख्यिकीय आंकड़े प्रभावी नीति निर्माण, सुशासन और समावेशी विकास की मजबूत आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि सटीक डेटा के आधार पर बनाई गई नीतियां समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

विशेषज्ञों ने डेटा आधारित नीति निर्माण पर रखे विचार

मुख्य अतिथि प्रो. प्रीति के. सुरेश (डायरेक्टर, MMTTC) तथा प्रो. धर्मेंद्र कुमार गंगेश्वर (विभागाध्यक्ष, सांख्यिकी अध्ययनशाला, पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय) ने भी अपने संबोधन में अनुसंधान, नीति निर्माण और विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सटीक एवं विश्वसनीय आंकड़ों की आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डाला।

वहीं, अपर संचालक एन. बुलीवाल ने राष्ट्रीय सांख्यिकी दिवस की प्रासंगिकता और वर्तमान समय में सांख्यिकी की बढ़ती भूमिका पर जानकारी दी।

प्रशासनिक डेटा के बेहतर उपयोग पर तकनीकी सत्र

तकनीकी सत्र में उप संचालक दिनेश कुमार तिवारी ने “Unlocking Potential Administrative Data” विषय पर प्रस्तुति देते हुए प्रशासनिक आंकड़ों के बेहतर उपयोग की संभावनाओं से प्रतिभागियों को अवगत कराया। इसके बाद प्रतिभागियों ने प्रशासनिक डेटा के उपयोग और MLALAD’s Online Portal पर अपने प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किए।

प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता ने बढ़ाया उत्साह

कार्यक्रम के दौरान आयोजित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के माध्यम से प्रतिभागियों की सांख्यिकीय समझ और ज्ञान का भी परीक्षण किया गया। इस अवसर पर संयुक्त संचालक सुरेश कुमार बंजारे, डोमार सिंह वर्मा सहित विभागीय अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में प्रतियोगी उपस्थित रहे।

About The Author