खेल भावना से निखरती है युवा शक्ति: मंत्री राजेश अग्रवाल
अंबिकापुर के गांधी स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय बास्केटबॉल लीग चैंपियनशिप-2026 के समापन समारोह में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल जीत-हार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और संघर्ष का जज्बा भी सिखाते हैं। उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पदक और ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

मंत्री अग्रवाल ने कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व विकास का सबसे प्रभावी माध्यम हैं। इससे बच्चे शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनते हैं तथा जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा प्राप्त करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरे समर्पण, ईमानदारी और खेल भावना के साथ निरंतर अभ्यास करने का आह्वान किया, ताकि वे प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकें।

उन्होंने कहा कि प्रतियोगिताओं का उद्देश्य केवल विजेता चुनना नहीं, बल्कि प्रतिभाओं को निखारना और उन्हें बड़े मंच तक पहुंचने का अवसर देना है। ऐसे आयोजन खिलाड़ियों में प्रतिस्पर्धात्मक अनुभव बढ़ाने के साथ उनके आत्मविश्वास को भी मजबूत करते हैं।
समापन समारोह में बालिका वर्ग के फाइनल में सरगुजा बॉयलर्स ने सरगुजा फाइटर्स को हराकर खिताब जीता, जबकि बालक वर्ग में सरगुजा लायंस ने सरगुजा ब्लैक पैंथर्स को पराजित कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी एवं पदक प्रदान किए गए, वहीं सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए।
सरगुजा जिला बास्केटबॉल संघ द्वारा आयोजित इस जिला स्तरीय लीग का उद्देश्य खिलाड़ियों को अधिक प्रतिस्पर्धात्मक मैचों का अनुभव प्रदान करना और जिले की बास्केटबॉल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाना था। प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
इस अवसर पर पूर्व राष्ट्रीय बास्केटबॉल कोच राजेश प्रताप सिंह, पूर्व खिलाड़ी एवं समाजसेवी संजय अग्रवाल, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य निशांत सिंह गोयल, खेल प्रेमी, प्रशिक्षक, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। आयोजन की सफलता में जिला बास्केटबॉल संघ एवं आयोजन समिति की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
