पिंक ऑटो योजना से महिलाओं को मिली नई उड़ान, आत्मनिर्भरता की राह पर बढ़ रहीं ग्रामीण बेटियां
नवा रायपुर। छत्तीसगढ़ में महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में पिंक ऑटो योजना लगातार सफलता की नई मिसाल कायम कर रही है। योजना के तहत लाभान्वित महिलाएं न केवल आत्मनिर्भर बन रही हैं, बल्कि अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को भी मजबूती प्रदान कर रही हैं। इसी कड़ी में प्रथम चरण की उत्कृष्ट महिला हितग्राहियों को सम्मानित कर उनके प्रयासों और उपलब्धियों को सराहा गया।

सम्मानित महिलाओं में ग्राम राखी की चंद्रिका साहू, कोटराभाठा की शीतू कोशले, ग्राम बेंद्री की रेशम साहू और ग्राम तूता की ज्ञानी बैस शामिल हैं। इन महिलाओं ने पिंक ई-ऑटो का सफल संचालन कर यह साबित किया है कि अवसर मिलने पर महिलाएं किसी भी क्षेत्र में नई पहचान बना सकती हैं।
दो चरणों में 92 महिलाओं को मिला लाभ

पिंक ऑटो योजना के प्रथम चरण में 14 ग्रामों और 16 ग्राम संगठनों की 40 महिलाओं को ई-ऑटो उपलब्ध कराए गए थे। योजना की सफलता को देखते हुए अब द्वितीय चरण में 23 ग्रामों और 25 ग्राम संगठनों की 52 महिलाओं को पिंक ई-ऑटो प्रदान किए गए हैं। इस प्रकार अब तक कुल 92 महिलाओं को इस योजना का लाभ मिल चुका है।
महिलाओं के लिए बनी आर्थिक सशक्तिकरण की मजबूत पहल

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि पिंक ऑटो योजना महिलाओं के लिए आय और सम्मान दोनों का माध्यम बन रही है। इस पहल से महिलाओं की मासिक आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है और वे आत्मविश्वास के साथ आत्मनिर्भर जीवन की ओर अग्रसर हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य महिलाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें समाज में सशक्त और स्वावलंबी बनाना है।
उन्होंने सभी हितग्राही महिलाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह योजना केवल रोजगार का साधन नहीं, बल्कि महिलाओं को नई पहचान और आत्मविश्वास देने का मंच भी है।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में आवास एवं पर्यावरण विभाग के सचिव अंकित आनंद, एनआरडीए के मुख्य कार्यपालन अधिकारी चंदन कुमार, कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कुमार बिश्वरंजन सहित अनेक जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
पिंक ऑटो योजना आज छत्तीसगढ़ में महिला सशक्तिकरण का एक सफल मॉडल बनकर उभर रही है, जो ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों की महिलाओं को रोजगार, सम्मान और आत्मनिर्भरता की नई दिशा दे रही है।
