सेवा संकल्प यात्रा एवं युवा संवाद में शामिल हुए CM साय, बाइक राइडर्स का किया स्वागत

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज राजधानी रायपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित ‘सेवा संकल्प यात्रा एवं युवा संवाद’ कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने सेवा संकल्प अभियान के तहत गुजरात के वडनगर से लंबी यात्रा तय कर रायपुर पहुंचे बाइक राइडर्स तथा बस्तर संभाग के विभिन्न जिलों से पहुंचे बाइक राइडर्स का छत्तीसगढ़ की धरती पर आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया।

सेवा और राष्ट्र निर्माण से युवाओं को जोड़ रही यात्रा

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सशक्त, आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण की दिशा में कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा संकल्प यात्रा देश की युवा शक्ति को सेवा, सामाजिक सरोकार और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है। गुजरात के वडनगर से शुरू हुई यह यात्रा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जन्मभूमि से उनकी कर्मभूमि वाराणसी तक सेवा का संदेश लेकर आगे बढ़ रही है।

यात्रा में शामिल युवा स्वच्छता, नशामुक्ति, टीबी मुक्त भारत और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों को लेकर लोगों को जागरूक कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह की पहल युवाओं में सामाजिक दायित्व और सेवा भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

छत्तीसगढ़ में डेढ़ करोड़ से अधिक दीप प्रज्ज्वलित

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ में सेवा संकल्प अभियान के तहत डेढ़ करोड़ से अधिक दीप प्रज्ज्वलित किए गए। उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों ने जिस उत्साह और आत्मीयता के साथ इस अभियान में सहभागिता की, वह प्रधानमंत्री के प्रति जनता के स्नेह और विश्वास को दर्शाता है।

CM साय ने साझा किया PM मोदी के साथ काम करने का अनुभव

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का छत्तीसगढ़ से गहरा और आत्मीय संबंध रहा है। उन्होंने प्रदेश में लंबा समय बिताया और यहां के जनजीवन को करीब से समझा है।

मुख्यमंत्री ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि वर्ष 2014 में केंद्रीय राज्यमंत्री के रूप में उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ कार्य करने का अवसर मिला। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री की कार्यशैली, अनुशासन, दूरदृष्टि और राष्ट्रसेवा के प्रति उनके समर्पण को करीब से देखा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा संकल्प यात्रा जैसे आयोजन युवाओं को समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने तथा सकारात्मक बदलाव में सहभागी बनने के लिए प्रेरित करते हैं।

About The Author