गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों से गूंजा रायपुर, भव्य गणेश विसर्जन झांकियों ने बांधा समां
रायपुर। राजधानी रायपुर में 28 सितंबर को भगवान श्री गणेश की विसर्जन झांकियां भव्यता और श्रद्धा के साथ निकाली गईं। ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों से पूरा शहर गूंज उठा। भक्तिमय माहौल में हजारों श्रद्धालु शोभायात्रा में शामिल हुए और विघ्नहर्ता भगवान गणेश को भावभीनी विदाई दी।

इस अवसर पर रायपुर डाकघर के सामने अखिल भारतीय संत समिति के मंच पर महात्यागी रामरूपदास जी महाराज, महामंडलेश्वर सर्वेश्वर दास जी महाराज, छत्तीसगढ़ गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष एवं दक्षिण कौशल के पीठाधीश्वर महंत राजीव लोचन दास, नंदन जैन, रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू, अमरजीत सिंह, किशोर महानंद, आकाश विग, भाजपा नेता एवं समाजसेवी बसंत अग्रवाल सहित अनेक साधु-संत एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
संत समिति के मंच से विभिन्न गणेश उत्सव समितियों की झांकियों का स्वागत किया गया और उन्हें शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।
1 अक्टूबर को होगा झांकी प्रतियोगिता एवं सम्मान समारोह
अखिल भारतीय संत समिति द्वारा गणेशोत्सव के दौरान निकाली गई भव्य झांकियों को सम्मानित करने के लिए 1 अक्टूबर 2026, गुरुवार को शाम 4 बजे से मां भारती विद्यालय, मच्छी तालाब, गुढ़ियारी, रायपुर में झांकी प्रतियोगिता एवं सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली झांकी समितियों को पुरस्कृत किया जाएगा। पुरस्कारों में प्रथम ₹51,000, द्वितीय ₹31,000 और तृतीय ₹21,000 निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे। आयोजकों ने गणेश उत्सव समितियों, झांकी कलाकारों और नागरिकों से समारोह में शामिल होने की अपील की है।
ढोल-ताशों की थाप पर थिरके बसंत अग्रवाल
विसर्जन शोभायात्रा के दौरान भाजपा नेता एवं समाजसेवी बसंत अग्रवाल भी श्रद्धालुओं के बीच नजर आए। उन्होंने भगवान गणेश की आरती कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और बप्पा का आशीर्वाद लिया।
इसके बाद वे आम श्रद्धालुओं के बीच पहुंचे और ढोल-ताशों की थाप पर युवाओं के साथ उत्साहपूर्वक झूमते नजर आए। उनके इस सहज अंदाज से शोभायात्रा में मौजूद लोगों का उत्साह और बढ़ गया।
सुख-समृद्धि और शांति की कामना
मंच से श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए बसंत अग्रवाल ने भगवान गजानन के श्रीचरणों में नमन करते हुए क्षेत्रवासियों के सुख, समृद्धि, शांति और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। उन्होंने प्रार्थना की कि भगवान गणेश का आशीर्वाद प्रदेश के हर घर, किसान, युवा और माता-बहनों पर बना रहे।
उन्होंने रायपुर में निकली भव्य झांकियों की सराहना करते हुए कहा कि पूरे शहर में भक्ति और उल्लास का अद्भुत वातावरण देखने को मिला। उन्होंने झांकियों की कलात्मकता और भव्यता की प्रशंसा की।
भाईचारे और सांस्कृतिक विरासत का संदेश
बसंत अग्रवाल ने कहा कि गणेश उत्सव और झांकियां रायपुर की आस्था, भाईचारे और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक हैं। उन्होंने इतने बड़े आयोजन के शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न होने पर गणेश उत्सव समितियों, कलाकारों, नागरिकों तथा पुलिस-प्रशासन का आभार जताया।
शोभायात्रा के दौरान उन्होंने विभिन्न गणेश उत्सव समितियों की झांकियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया और श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा कर उनका उत्साह बढ़ाया।
देर रात तक चले इस भव्य आयोजन में छत्तीसगढ़ी संस्कृति, आस्था और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों और ढोल-ताशों की गूंज के बीच रायपुर ने भगवान गणेश को भावपूर्ण विदाई दी।
