कोरबा में महिला की हत्या का आरोप, सेप्टिक टैंक में मिला शव; लिव-इन पार्टनर अंबिकापुर से गिरफ्तार
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही 33 वर्षीय महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में फरार चल रहे उसके लिव-इन पार्टनर मनोज उरांव (40) को अंबिकापुर से गिरफ्तार किया है। मामला श्यांग थाना क्षेत्र के ग्राम बरपाली का है।
पुलिस के अनुसार, मृतका संतोषी करीब दो वर्षों से मनोज उरांव के साथ पति-पत्नी की तरह रह रही थी। 27 अगस्त को दोनों के बीच विवाद हुआ था। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि विवाद के बाद हुई मारपीट में महिला की मौत हुई और उसके शव को घर के पीछे बने सेप्टिक टैंक में छिपा दिया गया।
रक्षाबंधन पर मायके नहीं पहुंची संतोषी, परिजनों को हुआ शक
संतोषी हर वर्ष रक्षाबंधन के अवसर पर अपने मायके जाती थी। इस बार जब वह मायके नहीं पहुंची तो परिजनों को चिंता हुई। उसके भाइयों ने मनोज से संतोषी के बारे में जानकारी ली। बताया गया कि संतोषी दो दिन पहले ही घर चली गई है।
हालांकि, कई दिन बीतने के बाद भी संतोषी का कोई पता नहीं चला। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी।
घर में लगा था ताला, सेप्टिक टैंक से आ रही थी दुर्गंध
19 सितंबर को संतोषी के भाई रामभरोसे और अन्य परिजन मनोज के घर पहुंचे। वहां ताला लगा हुआ था और मनोज भी घर पर नहीं मिला। इसी दौरान घर के पीछे बने सेप्टिक टैंक से तेज दुर्गंध आने पर परिजनों को संदेह हुआ। टैंक का ढक्कन भी आधा खुला हुआ था।
परिजनों की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
फोरेंसिक टीम की मौजूदगी में बरामद हुआ शव
पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में सेप्टिक टैंक खोला गया। कार्यपालिक मजिस्ट्रेट, तहसीलदार और फोरेंसिक टीम की मौजूदगी में टैंक से महिला का शव बरामद किया गया। शव की स्थिति काफी खराब बताई गई है।
इसके बाद पुलिस ने मामले में हत्या के एंगल से जांच शुरू करते हुए फरार मनोज उरांव की तलाश तेज कर दी।
अंबिकापुर से पुलिस ने आरोपी को पकड़ा
पुलिस के मुताबिक घटना के बाद से मनोज फरार था। उसके रायपुर समेत अलग-अलग स्थानों पर छिपे होने की जानकारी पुलिस को मिली थी। लगातार तलाश के बाद पुलिस ने उसे अंबिकापुर से गिरफ्तार कर लिया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश ठाकुर के अनुसार आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस घटना की पूरी परिस्थितियों, हत्या के कथित तरीके और मामले से जुड़े अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस की जांच जारी है और मामले में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
