जशपुर में ₹3.52 करोड़ की लागत से बना आधुनिक इंडोर स्टेडियम, बास्केटबॉल सहित 4 खेलों को मिलेगा बढ़ावा
जशपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री के गृह जिले जशपुर में 3 करोड़ 52 लाख रुपये की लागत से निर्मित मल्टीपरपज इंडोर बास्केटबॉल स्टेडियम खिलाड़ियों के लिए एक महत्वपूर्ण सौगात बनकर उभरा है। आधुनिक खेल सुविधाओं से सुसज्जित यह स्टेडियम जिले के युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के नए अवसर प्रदान करेगा।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 28 मार्च 2026 को जशपुर प्रवास के दौरान इस मल्टीपरपज इंडोर बास्केटबॉल स्टेडियम का शुभारंभ किया था। इसके शुरू होने से जिले के खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध हुआ है। खासतौर पर ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों के प्रतिभावान बच्चों एवं युवाओं को अपनी खेल क्षमता विकसित करने और प्रतियोगिताओं की तैयारी करने में मदद मिलेगी।
एक ही परिसर में चार खेलों की सुविधा
जशपुर के इस आधुनिक इंडोर स्टेडियम में बास्केटबॉल के साथ शतरंज, कैरम और टेबल टेनिस के अभ्यास की सुविधा भी उपलब्ध होगी। इससे अलग-अलग खेलों में रुचि रखने वाले बच्चों और युवाओं को अपनी पसंद के खेल में नियमित अभ्यास करने तथा कौशल को बेहतर बनाने का अवसर मिलेगा।
इंडोर स्टेडियम होने के कारण खिलाड़ियों को मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों में भी अभ्यास जारी रखने में सहूलियत होगी। बास्केटबॉल से शारीरिक क्षमता, गति और टीम भावना विकसित होती है, जबकि शतरंज, कैरम और टेबल टेनिस जैसे खेल एकाग्रता, रणनीतिक सोच और मानसिक दक्षता को बढ़ावा देते हैं।
ग्रामीण और जनजातीय प्रतिभाओं को मिलेगा मंच
जशपुर जिले में क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी, कबड्डी, बास्केटबॉल और टेबल टेनिस सहित विभिन्न खेलों के प्रति युवाओं में रुचि है। बेहतर खेल अधोसंरचना और नियमित अभ्यास की सुविधा मिलने से स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलेगा।
यह स्टेडियम जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की तैयारी करने वाले खिलाड़ियों के लिए उपयोगी साबित हो सकता है। विशेष रूप से दूरस्थ ग्रामीण एवं जनजातीय अंचलों के बच्चों और युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ने और उनमें प्रतिस्पर्धात्मक भावना विकसित करने में इसकी अहम भूमिका रहेगी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में खेल सुविधाओं का विस्तार
छत्तीसगढ़ सरकार प्रदेश में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने और आधुनिक खेल अधोसंरचना विकसित करने पर जोर दे रही है। इसका उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़ना, उनकी प्रतिभा को उचित मंच उपलब्ध कराना और उन्हें आगे बढ़ने के बेहतर अवसर देना है।
जशपुर में 3.52 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित मल्टीपरपज इंडोर बास्केटबॉल स्टेडियम इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उम्मीद है कि इस सुविधा से जिले में नियमित खेल अभ्यास की संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा और जशपुर के खिलाड़ी भविष्य में विभिन्न प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर जिले और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करेंगे।
