मोदी के 12 वर्ष: राष्ट्रसेवा के ऐतिहासिक सफर पर मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने दी बधाई, खाटू श्याम मंदिर में की विशेष पूजा

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रसेवा के 12 वर्ष पूर्ण होने और देश के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने की ऐतिहासिक उपलब्धि पर महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने इस अवसर को भारत के विकास, आत्मनिर्भरता और वैश्विक प्रतिष्ठा के नए युग का प्रतीक बताया।

इस अवसर पर मंत्री श्रीमती राजवाड़े रायपुर स्थित खाटू श्याम मंदिर पहुंचीं, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और राष्ट्रसेवा के संकल्प की निरंतर सफलता के लिए विशेष पूजा-अर्चना की। उन्होंने देश की समृद्धि, प्रगति और विकसित भारत के लक्ष्य की सिद्धि के लिए भी प्रार्थना की।

श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले 12 वर्षों में सुशासन, पारदर्शिता, जनकल्याण और राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए देश को नई दिशा प्रदान की है। उनके नेतृत्व में भारत ने आर्थिक, सामाजिक, तकनीकी और वैश्विक स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं तथा विश्व की प्रमुख शक्तियों में अपनी मजबूत पहचान स्थापित की है।

उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत अभियान, डिजिटल इंडिया, मेक इन इंडिया, नई शिक्षा नीति, स्वच्छ भारत मिशन, गरीब कल्याण योजनाओं और आधारभूत संरचना के विस्तार जैसे दूरदर्शी कदमों ने देश के विकास को नई गति दी है। आज भारत आत्मविश्वास के साथ वैश्विक मंचों पर अपनी प्रभावी उपस्थिति दर्ज करा रहा है और विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नेतृत्व करोड़ों देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनके मार्गदर्शन में भारत ने सेवा, सुशासन और संकल्प से सिद्धि की भावना के साथ नई ऊंचाइयों को प्राप्त किया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत का संकल्प निश्चित रूप से साकार होगा और भारत विश्वगुरु के रूप में अपनी गौरवशाली पहचान स्थापित करेगा।

About The Author