संविधान के आदर्शों से बनेगा विकसित छत्तीसगढ़, CM विष्णुदेव साय बोले- अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएंगे विकास का लाभ

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि भारतीय संविधान केवल अधिकारों और कर्तव्यों का दस्तावेज नहीं, बल्कि न्याय, समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व पर आधारित मजबूत राष्ट्र निर्माण का मार्गदर्शक है। संविधान की मूल भावना को सुशासन का आधार बनाकर छत्तीसगढ़ सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय राजधानी रायपुर के शहीद स्मारक भवन में आयोजित संविधान गौरव दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने संविधान निर्माताओं और भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर के योगदान को याद करते हुए प्रदेशवासियों को संविधान दिवस की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बाबा साहेब के जीवन, विचारों और संविधान निर्माण में उनके योगदान पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। साथ ही ‘संविधान से सुशासन तक : बाबा साहेब के सपनों का सशक्त छत्तीसगढ़’ पुस्तक का विमोचन भी किया।

संविधान ने हर नागरिक को दिया समानता और सम्मान का अधिकार

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि 26 नवंबर 1949 को अंगीकृत भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है। संविधान ने देश के प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार, सम्मान और आगे बढ़ने के अवसर प्रदान किए हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर वर्ष 2015 से संविधान दिवस मनाने की शुरुआत हुई। इससे नई पीढ़ी को संविधान के महत्व, मौलिक अधिकारों और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक होने का अवसर मिला है।

मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का उदाहरण देते हुए कहा कि जनजातीय समाज से आने वाली महिला का देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर पहुंचना संविधान की समान अवसर देने वाली भावना को दर्शाता है।

आपातकाल को याद कर बोले CM साय, लोकतंत्र सेनानियों का संघर्ष नहीं भूलना चाहिए

मुख्यमंत्री ने वर्ष 1975 में लगाए गए आपातकाल का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौर में नागरिक स्वतंत्रता और प्रेस की आजादी पर प्रतिबंध लगाए गए थे। लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले हजारों लोगों को जेल जाना पड़ा।

उन्होंने अपने पारिवारिक अनुभव साझा करते हुए बताया कि उनके बड़े पिताजी नरहरि साय भी लोकतंत्र सेनानी थे। आपातकाल का विरोध करने के कारण उन्हें 19 महीने जेल में रहना पड़ा था। इस दौरान परिवार को भी कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र सेनानियों का त्याग हमें संवैधानिक मूल्यों और नागरिक स्वतंत्रता की रक्षा के लिए हमेशा सजग रहने की प्रेरणा देता है। उन्होंने बताया कि आपातकाल के इतिहास से नई पीढ़ी को परिचित कराने के उद्देश्य से 25 जून को संविधान हत्या दिवस के रूप में मनाया जाता है। राज्य सरकार ने लोकतंत्र सेनानियों के सम्मान में पूर्व में बंद की गई सम्मान राशि को फिर से शुरू किया है।

समान नागरिक संहिता पर CM का बयान, जनजातीय परंपराओं के संरक्षण का दिया भरोसा

समान नागरिक संहिता को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में इस दिशा में अध्ययन के लिए समिति का गठन किया गया है। उन्होंने जनजातीय समाज की आशंकाओं को दूर करते हुए कहा कि राज्य सरकार जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और रीति-रिवाजों के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि समान नागरिक संहिता के प्रावधानों से जनजातीय समाज की परंपराओं को प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने अनुच्छेद 370 के अधिकांश प्रावधानों को निष्प्रभावी करने और तीन तलाक के खिलाफ कानून को देश में समानता और नागरिक अधिकारों की दिशा में उठाए गए महत्वपूर्ण कदम बताया।

बस्तर में नक्सलवाद पर प्रहार, लोकतंत्र और विकास को मिल रही नई मजबूती

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि नक्सलवाद ने लंबे समय तक बस्तर में लोकतांत्रिक व्यवस्था और विकास को बाधित किया। नक्सली लोकतंत्र की जगह गनतंत्र स्थापित करना चाहते थे, लेकिन बस्तर की जनता ने कठिन परिस्थितियों में भी लोकतंत्र के प्रति अपना विश्वास बनाए रखा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई हुई है। सुरक्षाबलों के साहस और प्रभावी रणनीति से बस्तर में शांति और सुरक्षा का वातावरण मजबूत हो रहा है।

अब दूरस्थ क्षेत्रों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर में विकास की नई शुरुआत लोकतंत्र की मजबूती का प्रतीक है।

किसानों को 3100 रुपये में धान खरीदी, महिलाओं को हर महीने मिल रही आर्थिक सहायता

मुख्यमंत्री ने कहा कि संविधान की लोककल्याणकारी भावना को जमीन पर उतारना सरकार की प्राथमिकता है। इसी दिशा में किसानों, महिलाओं, युवाओं, श्रमिकों और जनजातीय समुदाय के कल्याण के लिए योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान खरीदा जा रहा है। कृषक उन्नति योजना के माध्यम से किसानों को आदान सहायता दी जा रही है।

वहीं, महतारी वंदन योजना के तहत लाखों महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता मिल रही है। जनजातीय समुदाय को वनोपज का बेहतर मूल्य दिलाने, युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने और पारदर्शी भर्ती व्यवस्था मजबूत करने के लिए भी कदम उठाए जा रहे हैं।

न्याय व्यवस्था में बदलाव से आम नागरिकों को मिलेगा लाभ: मंत्री गजेंद्र यादव

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि संविधान समय और समाज की जरूरतों के अनुसार देश को आगे बढ़ने की दिशा देता है।

उन्होंने भारतीय दंड संहिता की जगह भारतीय न्याय संहिता लागू किए जाने का उल्लेख करते हुए कहा कि यह न्याय व्यवस्था में बदलाव का महत्वपूर्ण प्रतीक है। सरकार ऐसी व्यवस्था विकसित करना चाहती है, जिसमें नागरिकों के अधिकार सुरक्षित रहें और आम लोगों को आसानी से न्याय मिल सके।

बाबा साहेब की विरासत नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा: सांसद संतोष पांडेय

राजनांदगांव सांसद संतोष पांडेय ने कहा कि संविधान गौरव दिवस प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व और स्वाभिमान का अवसर है। उन्होंने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के जीवन से जुड़े पंचतीर्थों के विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे उनके विचारों और योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में मदद मिली है।

संविधान के प्रति जागरूकता हर नागरिक की जिम्मेदारी: पूर्व न्यायमूर्ति गौतम भादुड़ी

छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायमूर्ति गौतम भादुड़ी ने कहा कि भारतीय संविधान एक जीवंत दस्तावेज है, जो नागरिकों को मौलिक अधिकारों के साथ उनके कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक करता है।

उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम और संविधान निर्माण में योगदान देने वाले ज्ञात-अज्ञात महानायकों के संघर्ष और बलिदान से नई पीढ़ी को परिचित कराना प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है।

About The Author