जनदर्शन में CM साय ने सुनी दर्दभरी कहानियां, 83 साल के परसराम को 30 साल बाद सुनाई देने लगी आवाज!
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के जनदर्शन में गुरुवार को प्रदेश के अलग-अलग जिलों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं और परेशानियां साझा कीं। किसी ने इलाज के लिए आर्थिक मदद मांगी, तो किसी ने बच्चों की बीमारी और पढ़ाई जारी रखने की चिंता मुख्यमंत्री के सामने रखी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कई जरूरतमंदों को तत्काल सहायता देने के निर्देश दिए। खास बात यह रही कि 83 वर्षीय परसराम राठौर को 30 साल से सुनाई देने की समस्या से राहत दिलाने के लिए श्रवण यंत्र दिया गया। वहीं, कैंसर पीड़ित पिता को खो चुकी जशपुर की फरहीन को पढ़ाई जारी रखने में हरसंभव मदद का भरोसा मिला।
राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में आयोजित जनदर्शन के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने लोगों से सीधे मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई करने और जरूरतमंदों को अनावश्यक भटकने से बचाने के निर्देश दिए।
30 साल से सुनने में थी परेशानी, 83 वर्षीय परसराम को मिला श्रवण यंत्र

जनदर्शन में कोरबा जिले के कटघोरा विकासखंड अंतर्गत भलपहरी, हरदी बाजार निवासी 83 वर्षीय परसराम राठौर अपने बेटे के साथ पहुंचे थे। उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि पिछले करीब 30 वर्षों से उन्हें ठीक से सुनाई नहीं देता था। इस वजह से बातचीत और रोजमर्रा के कामों में काफी परेशानी होती थी।
मुख्यमंत्री ने उनकी समस्या सुनकर तत्काल श्रवण यंत्र उपलब्ध कराया। बातचीत के दौरान जब मुख्यमंत्री को पता चला कि परसराम को देखने में भी परेशानी है, तो उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को आंखों की जांच कराकर चश्मा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इसके अलावा भाटापारा निवासी बलवंत सिंह यादव को भी मुख्यमंत्री ने श्रवण यंत्र प्रदान किया।
कैंसर से पिता की मौत, इलाज में खत्म हुई जमा पूंजी, फरहीन की पढ़ाई का उठाया जिम्मा

जनदर्शन में जशपुर से अपनी मां के साथ पहुंची फरहीन ने परिवार की आर्थिक स्थिति के बारे में मुख्यमंत्री को बताया। फरहीन के पिता वर्ष 2018 से कैंसर से पीड़ित थे। लंबे समय तक चले इलाज में परिवार की पूरी जमा पूंजी खर्च हो गई। वर्ष 2025 में पिता का निधन हो गया।
परिवार की आर्थिक स्थिति इतनी खराब हो गई कि घर तक गिरवी रखने की नौबत आ गई। ऐसे में फरहीन के सामने अपनी पढ़ाई जारी रखना भी मुश्किल हो रहा है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने फरहीन की पूरी बात सुनी और उसे हिम्मत देते हुए पढ़ाई नहीं छोड़ने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने उसकी शिक्षा जारी रखने के लिए हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।
तीन साल के पार्थ की आंखों का होगा इलाज, ऑपरेशन के लिए लाखों का खर्च
राजनांदगांव से अपने तीन वर्षीय बेटे पार्थ साहू को लेकर पहुंची पूर्णिमा साहू ने बताया कि समय से पहले जन्म लेने के कारण पार्थ को करीब दो महीने अस्पताल में भर्ती रखना पड़ा था। तीन साल की उम्र में भी वह शारीरिक रूप से कमजोर है।
डॉक्टरों ने पार्थ को मोतियाबिंद की समस्या बताई है। आंखों में लेंस प्रत्यारोपण के लिए लाखों रुपये खर्च होने की जानकारी मिलने के बाद परिवार आर्थिक परेशानी में है।
मां की चिंता सुनकर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को पार्थ के बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
छह साल के छयांश के पैरों का होगा ऑपरेशन, पिता ने लगाई मदद की गुहार

रायपुर के आमानाका क्षेत्र स्थित कुकुरबेड़ा निवासी अमित कोटांगले अपनी बुजुर्ग मां हिरकना बाई के साथ छह वर्षीय बेटे छयांश के इलाज की गुहार लेकर पहुंचे थे।
उन्होंने बताया कि उनके दोनों बच्चों को जन्म से ही चलने-फिरने में परेशानी है। बड़े बेटे का ऑपरेशन काफी मुश्किलों के बीच कराया गया था, जिसके बाद उसकी स्थिति में सुधार हुआ। लेकिन आर्थिक तंगी के कारण छोटे बेटे छयांश का ऑपरेशन नहीं करा पा रहे हैं।
पत्नी के निधन के बाद अमित अपनी बुजुर्ग मां और बहन के सहयोग से बच्चों की परवरिश कर रहे हैं। परिवार की स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री ने छयांश के तत्काल उपचार की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
जनदर्शन में मिले आवेदनों पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अधिकारियों से कहा कि जनसमस्याओं के निराकरण के लिए ऐसी व्यवस्था बनाई जाए, जिससे जरूरतमंद नागरिकों को अपने छोटे-बड़े कामों के लिए अनावश्यक परेशान न होना पड़े।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जनदर्शन में प्राप्त प्रत्येक आवेदन पर संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्रवाई होनी चाहिए। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के इलाज, शिक्षा और अन्य जरूरी समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी जाए।
