छत्तीसगढ़: पलारी PHC में प्रसव के दौरान जच्चा-बच्चा की मौत, परिजनों ने डॉक्टर और अस्पताल प्रबंधन पर लगाए गंभीर आरोप

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से स्वास्थ्य व्यवस्था को कटघरे में खड़ा करने वाला मामला सामने आया है। पलारी नगर पंचायत स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) में प्रसव के दौरान एक गर्भवती महिला और उसके नवजात बच्चे की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टर पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

मिली जानकारी के अनुसार, पलारी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में बेदबाई साहू को प्रसव पीड़ा होने पर भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में उस समय कोई अनुभवी डॉक्टर मौजूद नहीं था। उनका कहना है कि नर्स ने जिद करते हुए खुद ही प्रसव कराया, जबकि महिला की स्थिति को देखते हुए बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जानी चाहिए थी।

परिजनों का आरोप- डॉक्टर को फोन करते रहे, लेकिन समय पर नहीं पहुंचे

मृतका के पति तीरथ साहू और परिवार के मुखिया महेश साहू ने आरोप लगाया कि वे लगातार डॉक्टर को फोन करते रहे, लेकिन डॉक्टर तब पहुंचे, जब नवजात की मौत हो चुकी थी। परिजनों का कहना है कि बच्चे की मौत के बाद उन्होंने महिला को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर करने की गुहार लगाई, लेकिन डॉक्टर ने महिला की स्थिति सामान्य बताते हुए रेफर नहीं किया।

परिवार के मुताबिक, बाद में जब महिला की तबीयत ज्यादा बिगड़ने लगी, तब उसे धमतरी ले जाने की तैयारी की गई। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में महिला ने दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद परिवार ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

डॉक्टर ने लापरवाही से किया इनकार, सरकारी व्यवस्था पर उठाए सवाल

मामले में जब डॉक्टर सुनील देवांगन से बातचीत की गई तो उन्होंने किसी भी तरह की लापरवाही से इनकार किया। हालांकि, उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए बताया कि यहां अनुभवी डॉक्टरों की कमी है और ड्यूटी पर मौजूद स्टाफ को ही प्रसव कराना पड़ता है।

डॉक्टर के अनुसार, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में केवल एक शिफ्ट का स्टाफ उपलब्ध है, जिससे 24 घंटे काम लिया जा रहा है। ऐसे में स्टाफ की कमी और लगातार काम के दबाव के बीच स्वास्थ्य सेवाएं संचालित की जा रही हैं।

ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था पर फिर उठे सवाल

इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाल स्थिति पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सवाल यह है कि जब प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में पर्याप्त डॉक्टर और प्रशिक्षित मेडिकल स्टाफ ही उपलब्ध नहीं हैं, तो आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को बेहतर इलाज कैसे मिलेगा?

फिलहाल, इस मामले में परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदारी तय होना बेहद जरूरी है। जच्चा-बच्चा की मौत के बाद अब लोगों की निगाहें स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई पर टिकी हैं।

About The Author