राजनांदगांव विधि महाविद्यालय में मॉक पार्लियामेंट और लॉ क्राइम सीन का आयोजन, विद्यार्थियों ने सीखी न्यायिक प्रक्रिया की बारीकियां

राजनांदगांव। पी.टी. किशोरी लाल शुक्ल विधि महाविद्यालय, राजनांदगांव में विद्यार्थियों के व्यावहारिक एवं विधिक ज्ञान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 26 एवं 27 नवंबर 2026 को मॉक पार्लियामेंट (Mock Parliament) एवं लॉ क्राइम सीन (Law Crime Scene) कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

दो दिवसीय इस आयोजन में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए संसदीय व्यवस्था और आपराधिक जांच की प्रक्रियाओं का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त किया।कार्यक्रम के दौरान मॉक पार्लियामेंट के माध्यम से विद्यार्थियों ने भारतीय संसदीय व्यवस्था, लोकतांत्रिक प्रक्रिया, सदन की कार्यवाही, पक्ष-विपक्ष की भूमिका, प्रश्नकाल एवं विधायी प्रक्रिया का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। इस गतिविधि के जरिए विद्यार्थियों को संसद की कार्यप्रणाली और लोकतांत्रिक मूल्यों को नजदीक से समझने का अवसर मिला।

वहीं, लॉ क्राइम सीन गतिविधि के अंतर्गत विद्यार्थियों को अपराध स्थल की पहचान, घटनास्थल का निरीक्षण, साक्ष्यों का संकलन, फॉरेंसिक साक्ष्य एवं आपराधिक जांच की प्रक्रिया से अवगत कराया गया। विद्यार्थियों ने अलग-अलग भूमिकाओं का निर्वहन करते हुए आपराधिक न्याय प्रणाली और न्यायिक प्रक्रिया की व्यावहारिक जानकारी हासिल की।

इस दो दिवसीय आयोजन का मुख्य उद्देश्य विधि के विद्यार्थियों में तार्किक क्षमता, नेतृत्व कौशल, आत्मविश्वास, अभिव्यक्ति की दक्षता तथा न्यायिक प्रक्रिया की व्यावहारिक समझ विकसित करना था।

कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. निमिषा मिश्रा, प्रशासक डॉ. आर. एन. सिंह, समस्त प्राध्यापकगण, कर्मचारीगण एवं विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता रही।महाविद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों के उत्साह और सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के व्यावहारिक आयोजन विधि शिक्षा को अधिक प्रभावी, ज्ञानवर्धक एवं रोजगारोन्मुख बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

About The Author