बिरगांव में महिलाओं के साथ डॉ. वर्णिका शर्मा ने सुनी ‘मन की बात’, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और मितानिनों का किया सम्मान
रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा ने रविवार को बिरगांव नगर निगम के मां शीतला वार्ड क्रमांक-17 स्थित बूथ क्रमांक-156 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 140वें संस्करण का महिलाओं के साथ सामूहिक श्रवण किया।
इस दौरान प्रधानमंत्री ने युवाओं की प्रतिभा, नशामुक्त समाज के निर्माण, सरकारी कर्मचारियों के प्रशिक्षण, संचार साथी ऐप, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और फिट इंडिया अभियान जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने नशे की लत से दूर रहने और युवाओं को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया।कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने आईगॉट कर्मयोगी प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध 7 हजार से अधिक पाठ्यक्रमों और 17 से अधिक भारतीय भाषाओं में प्रशिक्षण की सुविधा का उल्लेख किया। वहीं, संचार साथी ऐप के माध्यम से अब तक 14 लाख से अधिक गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन उनके मालिकों तक वापस पहुंचाए जाने की जानकारी भी दी।
प्रधानमंत्री ने पर्यटन के दौरान स्थानीय संग्रहालयों का भ्रमण करने, भारतीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने और विदेशों में सेवा कार्य कर रहे प्रवासी भारतीयों के योगदान की सराहना की। इसके साथ ही फिट इंडिया अभियान के तहत ‘संडे ऑन साइकिल’ के 100 संस्करण पूरे होने और इससे 37 लाख से अधिक लोगों के जुड़ने की जानकारी साझा की।
महिलाओं से किया संवाद, योजनाओं की दी जानकारी
‘मन की बात’ कार्यक्रम के पश्चात डॉ. वर्णिका शर्मा ने उपस्थित महिलाओं से संवाद किया। उन्होंने शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए महिलाओं को इनका लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। साथ ही बच्चों के संरक्षण, संवर्धन और उनके सुरक्षित भविष्य को लेकर भी चर्चा की।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और मितानिनों का सम्मान
इस अवसर पर क्षेत्र में सेवाभाव से कार्य कर रहीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, मितानिनों एवं स्वच्छता दीदियों को शॉल और श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। डॉ. वर्णिका शर्मा ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक शासकीय योजनाओं और जनकल्याणकारी सेवाओं को पहुंचाने में इनकी महत्वपूर्ण भूमिका है।
कार्यक्रम में जिला कार्यसमिति सदस्य परमानंद साहू, बूथ अध्यक्ष विक्रम यादव सहित अन्य कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
