पीथमपुर में बनेगा लियुगोंग इंडिया का नया मैन्युफैक्चरिंग प्लांट, CM डॉ. मोहन यादव करेंगे 272 करोड़ की परियोजना का भूमि-पूजन
भोपाल। मध्यप्रदेश के औद्योगिक विकास को नई गति देने की दिशा में एक और बड़ी उपलब्धि जुड़ने जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुधवार 8 जुलाई को धार जिले के पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र में लियुगोंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के नए विनिर्माण (मैन्युफैक्चरिंग) संयंत्र का भूमि-पूजन करेंगे। यह परियोजना राज्य को निर्माण उपकरण (Construction Equipment) निर्माण का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
272 करोड़ रुपये का होगा निवेश
चीन की अग्रणी बहुराष्ट्रीय निर्माण उपकरण निर्माता कंपनी गुआंग्शी लियुगोंग मशीनरी कंपनी लिमिटेड की भारतीय इकाई इस परियोजना में 272 करोड़ रुपये का निवेश कर रही है।
लगभग 20 एकड़ क्षेत्र में बनने वाले इस अत्याधुनिक संयंत्र में शुरुआती चरण में हर वर्ष 6,500 निर्माण उपकरणों का उत्पादन किया जाएगा। यहां मुख्य रूप से एक्सकेवेटर (Excavators) का निर्माण होगा।
रोजगार और ‘मेक इन इंडिया’ को मिलेगा बढ़ावा
नई परियोजना से घरेलू विनिर्माण क्षमता में वृद्धि होगी, आयात पर निर्भरता कम होगी और प्रदेश में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। यह संयंत्र ‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियान को भी मजबूती देगा।
2008 से पीथमपुर में संचालित है कंपनी
लियुगोंग इंडिया वर्ष 2008 से पीथमपुर में अपनी विनिर्माण इकाई का संचालन कर रही है। 44 एकड़ से अधिक क्षेत्र में फैले वर्तमान संयंत्र में प्रतिवर्ष लगभग 3,000 व्हील लोडर और मोटर ग्रेडर तैयार किए जाते हैं।
वर्ष 2009 में इसी इकाई से पहला ‘Made in India’ व्हील लोडर तैयार किया गया था। यहां आधुनिक रिसर्च एंड डेवलपमेंट (R&D) सेंटर और प्रशिक्षण केंद्र भी संचालित हैं, जहां 500 से अधिक भारतीय युवा पेशेवर कार्यरत हैं।
विश्व की अग्रणी निर्माण उपकरण निर्माता कंपनियों में शामिल है लियुगोंग
लियुगोंग दुनिया की प्रमुख निर्माण उपकरण निर्माता कंपनियों में शामिल है। कंपनी—
- व्हील लोडर
- एक्सकेवेटर
- मोटर ग्रेडर
- माइनिंग डंप ट्रक
- बुलडोजर
- स्किड-स्टियर लोडर
- फोर्कलिफ्ट
- कोल्ड प्लेनर
- अन्य आधुनिक निर्माण एवं खनन उपकरण
का निर्माण करती है।
देशभर की बड़ी परियोजनाओं में हो रहा उपयोग
वर्तमान में कंपनी के 4,000 से अधिक निर्माण उपकरण देशभर में सड़क निर्माण, खनन, जलविद्युत परियोजनाओं और पाइपलाइन निर्माण जैसे बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स में उपयोग किए जा रहे हैं।
औद्योगिक निवेश का मजबूत केंद्र बन रहा मध्यप्रदेश
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में राज्य सरकार निवेशक हितैषी नीतियों, सरल प्रक्रियाओं, बेहतर औद्योगिक अधोसंरचना और उद्योग-अनुकूल वातावरण के माध्यम से मध्यप्रदेश को देश का अग्रणी औद्योगिक निवेश केंद्र बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।
लियुगोंग इंडिया का यह नया निवेश प्रदेश में बढ़ते वैश्विक निवेशकों के विश्वास और औद्योगिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
