Hyderabad Investor Connect: छत्तीसगढ़ को मिले 10 हजार करोड़ के निवेश प्रस्ताव, 4,200 करोड़ का डेटा सेंटर बनेगा, हजारों रोजगार की उम्मीद

रायपुर। छत्तीसगढ़ में निवेश आकर्षित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हैदराबाद में आयोजित ‘इन्वेस्टर कनेक्ट’ कार्यक्रम में सात प्रमुख कंपनियों को राज्य में निवेश के लिए आमंत्रण पत्र सौंपे। कार्यक्रम के दौरान राज्य को लगभग 10,000 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए, जिससे हजारों रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है।

4,200 करोड़ का डेटा सेंटर, छत्तीसगढ़ बनेगा टेक्नोलॉजी हब

कार्यक्रम में सबसे बड़ा निवेश प्रस्ताव हाइपरनेक्स्ट डाटा सेंटर लिमिटेड की ओर से मिला। कंपनी ने छत्तीसगढ़ में देश का पहला समर्पित डिजास्टर रिकवरी डाटा सेंटर परिसर स्थापित करने के लिए 4,200 करोड़ रुपये निवेश करने की इच्छा जताई है। इस परियोजना से लगभग 250 प्रत्यक्ष रोजगार सृजित होने की संभावना है।

सीमेंट सेक्टर में 2,912 करोड़ का निवेश, 4 हजार नौकरियों की उम्मीद

फीग्रेड एंड कंपनी प्राइवेट लिमिटेड ने राज्य में सीमेंट उद्योग के विस्तार के लिए 2,912 करोड़ रुपये निवेश का प्रस्ताव रखा है। इस परियोजना से करीब 4,000 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना जताई गई है।

एआई और सेमीकंडक्टर सेक्टर में बड़ा निवेश

तकनीकी क्षेत्र में निवाई लैब्स प्राइवेट लिमिटेड ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), GPU इंफ्रास्ट्रक्चर, एडवांस कंप्यूटिंग और सेमीकंडक्टर असेंबली सुविधाओं के विकास के लिए 1,000 करोड़ रुपये निवेश करने का प्रस्ताव दिया है।

सौर ऊर्जा और टेक्सटाइल सेक्टर को मिलेगा बढ़ावा
एसजी मार्ट लिमिटेड ने सौर ऊर्जा उपकरण निर्माण क्षेत्र में 700 करोड़ रुपये निवेश की पेशकश की।
सरवणा मिल्स प्राइवेट लिमिटेड ने वस्त्र एवं परिधान निर्माण इकाई स्थापित करने के लिए 528 करोड़ रुपये निवेश प्रस्तावित किया।
फार्मा और डेयरी सेक्टर में भी रुचि
काबरा ड्रग्स ने औषधि निर्माण क्षेत्र में 200 करोड़ रुपये निवेश का प्रस्ताव रखा।
दिनशॉज डेयरी फूड्स प्राइवेट लिमिटेड ने डेयरी प्रसंस्करण उद्योग में 40 करोड़ रुपये निवेश की इच्छा जताई।
650 बेड का धर्मार्थ अस्पताल बनाने का प्रस्ताव

कार्यक्रम के दौरान स्वामीनारायण गुरुकुल संगठन के प्रतिनिधियों ने रायपुर के टाटीबंध क्षेत्र में 650 बिस्तरों वाले धर्मार्थ अस्पताल की स्थापना के प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री से चर्चा की।

“छत्तीसगढ़ में निवेशकों के लिए रेड कारपेट बिछा है” – मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ आज विकसित भारत के विकास इंजन के रूप में तेजी से आगे बढ़ रहा है। नई औद्योगिक नीति लागू होने के बाद राज्य को विभिन्न निवेशक संपर्क कार्यक्रमों के माध्यम से 8 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं।

गूगल, आईबीएम और अन्य दिग्गज कंपनियों से मुलाकात

हैदराबाद दौरे के दौरान मुख्यमंत्री और राज्य के प्रतिनिधिमंडल ने गूगल इंडिया, आईबीएम इंडिया, पॉलीकैब इंडिया, पेज इंडस्ट्रीज और डेल्टा इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया के वरिष्ठ अधिकारियों से भी मुलाकात कर निवेश संभावनाओं पर चर्चा की।

About The Author