मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बोले – कला, संस्कृति और सिनेमा समाज को दिशा देने वाली शक्ति, फिल्म सिटी से मिलेगा हजारों युवाओं को रोजगार

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि कला, संस्कृति और सिनेमा किसी भी समाज की पहचान और उसकी संवेदनशीलता को जीवंत बनाए रखने का सशक्त माध्यम हैं। राज्य सरकार प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, लोक कला और फिल्म उद्योग के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री शुक्रवार को राजधानी रायपुर में संस्कृति विभाग एवं छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित डॉक्यूमेंट्री फिल्म निर्माताओं, कलाकारों और विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं के सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे।

फिल्में केवल मनोरंजन नहीं, समाज परिवर्तन का माध्यम

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सिनेमा केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज में जागरूकता, सकारात्मक सोच और परिवर्तन लाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि भारतीय सिनेमा ने समय-समय पर सामाजिक बदलाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और “मदर इंडिया” जैसी फिल्मों ने नैतिक मूल्यों, त्याग और आत्मसम्मान की भावना को मजबूत किया।

छालीवुड को नई पहचान देने की दिशा में बड़ा कदम

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ी फिल्म उद्योग का गौरवशाली इतिहास रहा है। पहली छत्तीसगढ़ी फिल्म “कही देबे संदेश” ने सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जनजागरण का कार्य किया था। आज छालीवुड की फिल्में मनोरंजन के साथ-साथ व्यावसायिक सफलता भी हासिल कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि डिजिटल और ओटीटी प्लेटफॉर्म के विस्तार ने क्षेत्रीय सिनेमा को वैश्विक पहचान दिलाने का अवसर दिया है। ऐसे समय में सकारात्मक और मूल्य आधारित फिल्मों को बढ़ावा देना बेहद आवश्यक है।

150 करोड़ की फिल्म सिटी बनेगी गेम चेंजर

मुख्यमंत्री साय ने बताया कि राज्य सरकार ने छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम को पुनः सक्रिय किया है। इसी वर्ष जनवरी में 150 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली चित्रोत्पला फिल्म सिटी एवं ट्राइबल-कल्चरल कन्वेंशन सेंटर का भूमिपूजन किया गया है।

उन्होंने कहा कि यह परियोजना प्रदेश में फिल्म निर्माण गतिविधियों को नई गति देगी तथा कलाकारों, तकनीशियनों और युवाओं के लिए रोजगार के हजारों अवसर सृजित करेगी। साथ ही फिल्म पर्यटन को भी बड़ा बढ़ावा मिलेगा।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित फिल्म का प्रदर्शन

कार्यक्रम के दौरान 11 देशों में सम्मानित छत्तीसगढ़ी डॉक्यूमेंट्री फिल्म “छत्तीसगढ़ का भीम – चिंताराम” का विशेष प्रदर्शन किया गया। मुख्यमंत्री ने फिल्म की टीम को बधाई देते हुए इसे प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया।

विकास कार्यों के लिए बड़ी घोषणाएं

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस अवसर पर गरियाबंद जिले के छुरा क्षेत्र स्थित गिधनी पाठ में विभिन्न विकास कार्यों के लिए 20 लाख रुपये तथा धमतरी में सेन समाज भवन निर्माण हेतु 10 लाख रुपये की घोषणा की।

कलाकारों को मिला सम्मान

समारोह में छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष मोना सेन, वरिष्ठ फिल्म निर्माता मोहन सुंदरानी, सर्व सेन समाज के प्रदेश अध्यक्ष पुनीत सेन सहित फिल्म जगत से जुड़े निर्माता, निर्देशक, कलाकार और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

About The Author