शौर्य का सम्मान: छत्तीसगढ़ के दो जांबाज पुलिस अधिकारियों को मिला शौर्य चक्र, वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने दी बधाई

रायपुर। छत्तीसगढ़ पुलिस के दो वीर अधिकारियों इंस्पेक्टर लक्ष्मण केवट और इंस्पेक्टर रामेश्वर प्रसाद देशमुख को देश के प्रतिष्ठित वीरता सम्मान ‘शौर्य चक्र’ से सम्मानित किया गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने रक्षा अलंकरण समारोह में दोनों अधिकारियों को यह सम्मान प्रदान किया। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने दोनों अधिकारियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि यह सम्मान दोनों पुलिस अधिकारियों के अद्वितीय साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि विषम परिस्थितियों में भी अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए दोनों अधिकारियों ने जिस बहादुरी और दृढ़ संकल्प का परिचय दिया है, वह पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणादायक है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ पुलिस के इन जांबाज अधिकारियों ने अपने साहसिक कार्यों से न केवल प्रदेश बल्कि पूरे देश का गौरव बढ़ाया है। उनका यह सम्मान युवाओं को राष्ट्रसेवा, साहस और कर्तव्यपरायणता के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देगा।

वित्त मंत्री ने दोनों अधिकारियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ को उनके शौर्य, समर्पण और सेवा भावना पर गर्व है। यह सम्मान पूरे प्रदेश के लिए गौरव का क्षण है और छत्तीसगढ़ पुलिस की उत्कृष्ट कार्यशैली का प्रमाण भी।

About The Author