चंद्रनाहू कुर्मी क्षत्रिय समाज के 55वें केंद्रीय अधिवेशन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का बड़ा ऐलान, सड़क, स्कूल, नगर पंचायत और सामाजिक भवन की सौगात

धमतरी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि संगठित, शिक्षित और जागरूक समाज ही मजबूत राष्ट्र निर्माण की वास्तविक शक्ति होता है। समाज जितना सशक्त होगा, राष्ट्र उतना ही प्रगतिशील, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनेगा। मुख्यमंत्री आज धमतरी जिले के ग्राम छाती स्थित कृषि उपज मंडी परिसर में आयोजित चंद्रनाहू (चंद्राकर) कुर्मी-क्षत्रिय समाज के 55वें केंद्रीय अधिवेशन को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस गौरवशाली समाज के केंद्रीय अधिवेशन में शामिल होना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने चंद्रनाहू कुर्मी-क्षत्रिय समाज को समृद्ध परंपराओं, सामाजिक चेतना, संगठन शक्ति और उत्कृष्ट मूल्यों का वाहक बताते हुए कहा कि इसी समाज ने देश को छत्रपति शिवाजी महाराज और सरदार वल्लभभाई पटेल जैसे महान व्यक्तित्व दिए हैं, जिनके आदर्श आज भी राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

समाज की एकता और संगठन शक्ति की मुख्यमंत्री ने की सराहना

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि कोई भी समाज शिक्षा, संगठन, संस्कार और सामाजिक उत्तरदायित्व के बल पर निरंतर आगे बढ़ता है। चंद्रनाहू समाज ने कृषि, शिक्षा, प्रशासन, राजनीति, सामाजिक सेवा और उद्यमिता सहित अनेक क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देकर प्रदेश और देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

उन्होंने कहा कि समाज की नई पीढ़ी शिक्षा, तकनीकी दक्षता और नवाचार के माध्यम से विकास की नई इबारत लिख रही है, जो पूरे समाज के लिए गर्व का विषय है।

मुख्यमंत्री की बड़ी घोषणाएं, क्षेत्र को मिली विकास की सौगात

अधिवेशन के दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्रवासियों को कई महत्वपूर्ण सौगातें देते हुए विकास कार्यों की घोषणाएं कीं।

मुख्यमंत्री ने:

छाती से झूरानवागांव तक सड़क निर्माण कराने,
ग्राम छाती को भविष्य में नगर पंचायत का दर्जा देने की प्रक्रिया शुरू करने,
नवीन हायर सेकेंडरी स्कूल भवन निर्माण कराने,
तथा नवा रायपुर में समाज के सामाजिक भवन के लिए भूमि उपलब्ध कराने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री की इन घोषणाओं का उपस्थित हजारों समाजजनों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया।

शिक्षा और सम्मान की संस्कृति को बताया समाज की ताकत

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे अधिवेशन केवल सामाजिक आयोजन नहीं होते, बल्कि समाज को संगठित, जागरूक और सशक्त बनाने के प्रभावी मंच होते हैं। उन्होंने समाज द्वारा प्रशासनिक सेवाओं, शिक्षा, खेल, व्यवसाय और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाले प्रतिभावान युवाओं और विद्यार्थियों के सम्मान की सराहना की।

उन्होंने कहा कि सम्मान की संस्कृति समाज में सकारात्मक प्रतिस्पर्धा और उत्कृष्टता को बढ़ावा देती है तथा युवाओं को नई ऊंचाइयों तक पहुंचने के लिए प्रेरित करती है।

नई औद्योगिक नीति का लाभ उठाने का किया आह्वान

मुख्यमंत्री साय ने समाज के उद्यमियों और व्यवसायियों से राज्य सरकार की नई औद्योगिक नीति का अध्ययन करने और निवेश के अवसरों का लाभ उठाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में उद्योग और निवेश के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया गया है।

नई औद्योगिक नीति में युवाओं, उद्यमियों और निवेशकों के लिए कई प्रोत्साहन प्रावधान किए गए हैं, जिससे रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।

पुस्तक विमोचन और प्रतिभाओं का सम्मान

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने समाज की सांस्कृतिक और साहित्यिक धरोहर पर आधारित पुस्तक ‘अद्भुत श्री तुलसी चरितायणम्’ का विमोचन किया। इस दौरान प्रशासनिक सेवाओं, विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों तथा अन्य क्षेत्रों में चयनित अधिकारी-कर्मचारियों के साथ-साथ शैक्षणिक और खेल क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को सम्मानित भी किया गया।

समाज के केंद्रीय अध्यक्ष दिनेश चंद्राकर ने समाज का प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि केंद्रीय अधिवेशन का 55वां वर्ष समाज की संगठनात्मक शक्ति, सामाजिक जागरूकता और निरंतर प्रगति का प्रतीक है।

कार्यक्रम में सांसद विजय बघेल, विधायक अजय चंद्राकर, विधायक ललित चंद्राकर, पूर्व विधायक विनोद चंद्राकर, लालबहादुर चंद्रवंशी, पूनम चंद्राकर सहित बड़ी संख्या में समाजजन और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

About The Author