मुंगेली में यूरिया की निर्धारित दर से अधिक बिक्री पर प्रशासन सख्त, औचक निरीक्षण कर विक्रेताओं को दी चेतावनी
मुंगेली। जिले में यूरिया की निर्धारित कीमत से अधिक दर पर बिक्री की शिकायतों को प्रशासन ने गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की है। कलेक्टर कुंदन कुमार और जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पांडेय के निर्देश पर एसडीएम अजय शतरंज, उप संचालक कृषि और नायब तहसीलदार की संयुक्त टीम ने जिला मुख्यालय के विभिन्न निजी कृषि केंद्रों पर औचक निरीक्षण किया।
जांच के दौरान टीम ने सुपर एजेंसी, पंजाब एजेंसी, कैलाश ट्रेडर्स और शक्ति माई कृषि केंद्र सहित कई दुकानों का दौरा किया। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद किसानों से सीधे बातचीत कर यूरिया की वास्तविक बिक्री दर, उपलब्धता और वितरण व्यवस्था की विस्तार से जानकारी ली। टीम ने पीओएस मशीन, स्टॉक रजिस्टर और बिक्री रसीदों की गहन जांच की। प्रशासन का फोकस यह सुनिश्चित करने पर रहा कि किसानों से निर्धारित दर से अधिक कीमत न वसूली जाए और वितरण में कोई अनियमितता न हो।
निरीक्षण के दौरान सभी विक्रेताओं को सख्त निर्देश दिए गए कि किसानों को केवल उनके पंजीकृत रकबे के आधार पर शासन द्वारा तय दर पर ही यूरिया दिया जाए। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई एवं लाइसेंस निरस्तीकरण की चेतावनी भी दी गई है। प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि यदि कहीं अधिक कीमत वसूली जाती है तो तुरंत शिकायत करें, ताकि दोषियों के खिलाफ त्वरित एवं सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
