बिलासपुर में कंस्ट्रक्शन कंपनी के कार्यालय में जुआ फड़ पकड़ा, नौ जुआरी गिरफ्तार, 45 लाख से अधिक की जब्ती
बिलासपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के नेहरू नगर में शनिवार रात एक कंस्ट्रक्शन कंपनी का दफ्तर जुआ फड़ में बदल गया। एंटी करप्शन एंड क्राइम यूनिट (एसीसीयू) की कार्रवाई में यहां बिल्डर और प्रॉपर्टी डीलर जुआ खेलते पकड़े गए। टीम ने मौके से नौ जुआरियों को गिरफ्तार कर 84,400 रुपये नकद, 13 मोबाइल और बीएमडब्ल्यू, थार, क्रेटा समेत चार कार जब्त की हैं। कुल जब्ती 45.84 लाख रुपये से अधिक बताई गई है।
जानकारी के अनुसार, जनता कंस्ट्रक्शन के कार्यालय में जुआ खेलने की सूचना पर एसीसीयू ने दबिश दी। मौके पर फड़ जमाकर जुआ खेल रहे लोगों को घेरकर पकड़ा गया। इसके बाद सभी को सिविल लाइन पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने सभी के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत कार्रवाई की है।
गिरफ्तार जुआरियों में चंद्र प्रकाश पाण्डेय (43) स्वर्णिम ऐरा सरकंडा, सागर मंगेशकर (30) मंगला गजमोहिनी, नितेश चंद शर्मा (45) आसमा सिटी फेज 2, दुर्गेश सारथी (32) जरहाभाठा मिनी बस्ती, अखिलेश त्रिवेदी (52) नेहरू नगर, अमन धर (28) डबरीपारा, आशीष खुटे (27) कस्तूरबा नगर, रोशन सोनी (31) उसलापुर ओवरब्रिज और सृजन शर्मा (27) 36 सिटी मॉल शामिल हैं।
