मुख्यमंत्री हेल्पलाइन से किसान को मिली बड़ी राहत, शिकायत के बाद तुरंत मिला उर्वरक

सक्ती। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशानुसार संचालित मुख्यमंत्री हेल्पलाइन आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान का भरोसेमंद माध्यम बनकर उभर रही है। सक्ती जिले में कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के निर्देशन में हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों का संवेदनशीलता और समयबद्ध तरीके से निराकरण किया जा रहा है। इसका ताजा उदाहरण डभरा विकासखंड के ग्राम चुरतेली निवासी किसान रघुनंदन सिदार हैं, जिन्हें समय पर उर्वरक उपलब्ध कराकर खेती प्रभावित होने से बचा लिया गया।

उर्वरक नहीं मिलने पर दर्ज कराई शिकायत

रघुनंदन सिदार ने खेती के लिए आवश्यक उर्वरक उपलब्ध नहीं होने पर मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत मिलते ही संबंधित अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए किसान से संपर्क किया और आवश्यक जानकारी जुटाई।

तुरंत जारी हुआ परमिट, उपलब्ध कराया गया उर्वरक

जांच पूरी होने के बाद विकासखंड डभरा की प्राथमिक सेवा सहकारी समिति कुसमूल के माध्यम से किसान की भूमि के अनुरूप उर्वरक का परमिट जारी किया गया और आवश्यक खाद तत्काल उपलब्ध करा दी गई। साथ ही शिकायत का सफलतापूर्वक निराकरण कर किसान को पूरी जानकारी भी दी गई।

किसान ने जताया मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन का आभार

समय पर उर्वरक मिलने से संतुष्ट रघुनंदन सिदार ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि शिकायत दर्ज करने के बाद उनकी समस्या का बहुत जल्दी समाधान हो गया। समय पर खाद मिलने से खेती का कार्य प्रभावित नहीं हुआ।

उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की संवेदनशील और जवाबदेह कार्यप्रणाली से आम लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान हो रहा है। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन वास्तव में सुशासन और जनसेवा की दिशा में एक प्रभावी पहल साबित हो रही है।

About The Author