सक्ती में सेवा सेतु केंद्र बना आमजन का सहारा: बेटी के दस्तावेज़ बने समय पर, राज कुमार सिदार ने जताया आभार
सक्ती। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशानुसार आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान के लिए संचालित सेवा सेतु केंद्र अब सुशासन का मजबूत माध्यम बनकर उभर रहा है। सक्ती जिले में कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के निर्देशन में नागरिकों के आवेदनों का समयबद्ध निराकरण किया जा रहा है, जिससे लोगों को सरकारी सेवाओं का लाभ बिना अनावश्यक परेशानी के मिल रहा है।
सेवा सेतु से समय पर मिले जरूरी प्रमाण-पत्र
ग्राम कुम्हारीपठान निवासी राज कुमार सिदार ने अपनी पुत्री गीतांजली के लिए जाति, निवास और आय प्रमाण-पत्र बनवाने हेतु सेवा सेतु केंद्र में आवेदन किया। आवेदन का ऑनलाइन पंजीयन कर संबंधित विभाग को भेजा गया और निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी आवश्यक प्रमाण-पत्र समय पर जारी कर दिए गए।
इन दस्तावेजों के समय पर मिलने से उनकी पुत्री के लिए विभिन्न शासकीय योजनाओं और सुविधाओं का लाभ लेने का रास्ता आसान हो गया।
“इतनी जल्दी समाधान की उम्मीद नहीं थी”
राज कुमार सिदार ने बताया कि उन्हें अपनी समस्या के समाधान की उम्मीद तो थी, लेकिन इतनी तेजी से कार्रवाई होने की उन्होंने कल्पना नहीं की थी। उन्होंने कहा कि सेवा सेतु केंद्र आम नागरिकों के लिए बेहद उपयोगी पहल साबित हो रहा है, जहां लोगों को समय पर राहत और सुविधाएं मिल रही हैं।
उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की जनहितैषी कार्यप्रणाली से जरूरतमंद लोगों को वास्तविक लाभ मिल रहा है।
441 से अधिक सरकारी सेवाएं एक ही प्लेटफॉर्म पर
राज्य सरकार की सेवा सेतु पहल के तहत अब आय, जाति, निवास प्रमाण-पत्र, विवाह पंजीयन, नाम परिवर्तन, भू-नकल सहित 441 से अधिक शासकीय सेवाएं एक ही ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे नागरिक घर के नजदीक ही ऑनलाइन आवेदन कर निर्धारित समय-सीमा में सेवाओं का लाभ प्राप्त कर रहे हैं।
30 से अधिक विभाग जुड़े, सेवाएं हुईं आसान
पहले ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल पर केवल 86 सेवाएं उपलब्ध थीं, लेकिन सेवा सेतु के माध्यम से अब 441 से अधिक सेवाएं, 54 नई सेवाएं और 329 री-डायरेक्ट सेवाओं का एकीकरण किया गया है। वर्तमान में 30 से अधिक विभाग इस प्लेटफॉर्म से जुड़े हुए हैं, जिससे लोगों को अलग-अलग पोर्टल पर भटकना नहीं पड़ता।
सेवा सेतु केंद्रों के माध्यम से जन्म-मृत्यु प्रमाण-पत्र, आय, जाति, निवास प्रमाण-पत्र, विवाह पंजीयन समेत अनेक नागरिक सेवाएं अब एक ही स्थान पर उपलब्ध हैं। इससे शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की दिशा में प्रशासन को बड़ी सफलता मिल रही है।
