नारायणपुर में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने किया सखी वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण, पीड़ित महिलाओं को त्वरित सहायता सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
नारायणपुर। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने अपने नारायणपुर प्रवास के दौरान सखी वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को महिलाओं और बालिकाओं को समयबद्ध, संवेदनशील एवं प्रभावी सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

मंत्री राजवाड़े ने सेंटर में उपलब्ध परामर्श, चिकित्सा, विधिक सहायता, अस्थायी आश्रय और पुनर्वास जैसी सुविधाओं की विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि संकटग्रस्त महिलाओं को एक ही स्थान पर सभी आवश्यक सेवाएं सहज और सम्मानजनक तरीके से उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सखी वन स्टॉप सेंटर की सेवाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद महिलाएं इन सुविधाओं का लाभ उठा सकें। साथ ही उन्होंने पीड़ित महिलाओं को त्वरित राहत, सुरक्षा और न्याय दिलाने के लिए विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया।
मंत्री ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए पीड़ित महिलाओं तक समय पर सहायता पहुंचानी होगी।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
