शहीद एएसआई रामू राम नाग को मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े की श्रद्धांजलि, शहीद परिवार को हरसंभव सहायता का भरोसा
सुकमा। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने सुकमा जिले के जगरगुंडा पहुंचकर शहीद एएसआई रामू राम नाग के निवास पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शहीद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर राष्ट्र की रक्षा और जनसेवा के लिए दिए गए उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।

मंत्री राजवाड़े ने शहीद की माताजी से आत्मीय मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले वीर जवानों का बलिदान सदैव अमूल्य रहेगा। राज्य सरकार शहीद परिवारों के सम्मान, सुरक्षा और कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
इस दौरान मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को शहीद परिवार की सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने शहीद की माताजी के लिए अंत्योदय राशन कार्ड जारी करने की प्रक्रिया तत्काल पूरी करने को कहा, ताकि उन्हें शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी कठिनाई के मिल सके।
मंत्री राजवाड़े ने कहा कि छत्तीसगढ़ आज विकास, विश्वास और शांति के नए दौर की ओर अग्रसर है। ऐसे समय में प्रदेश के वीर सपूतों के त्याग और बलिदान को सदैव स्मरण रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि शहीद परिवारों का सम्मान केवल सरकार का दायित्व नहीं, बल्कि पूरे समाज की नैतिक जिम्मेदारी भी है।
उन्होंने विश्वास दिलाया कि राज्य सरकार शहीद परिवारों के साथ हर परिस्थिति में खड़ी है और उनके सम्मान, सुरक्षा तथा कल्याण के लिए आवश्यक सभी कदम निरंतर उठाती रहेगी।
