मुख्यमंत्री हेल्पलाइन से 24 घंटे में मिला विवाह प्रमाण पत्र, कोण्डागांव में सुशासन का उदाहरण

कोण्डागांव। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार सुशासन, पारदर्शिता और त्वरित जनसेवा को प्राथमिकता देते हुए नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी दिशा में संचालित मुख्यमंत्री हेल्पलाइन आम जनता के लिए एक प्रभावी माध्यम साबित हो रही है। कोण्डागांव जिले में इसका एक प्रेरणादायक उदाहरण सामने आया है, जहां एक दंपति को शिकायत दर्ज कराने के मात्र 24 घंटे के भीतर विवाह प्रमाण पत्र उपलब्ध करा दिया गया।

शिकायत के बाद प्रशासन ने दिखाई तत्परता

बड़ेराजपुर तहसील के ग्राम खालारी निवासी जितेन्द्र कुमार मरकाम और ग्राम आमगांव निवासी सरिता मरकाम का विवाह 27 अप्रैल 2026 को संपन्न हुआ था। विवाह के बाद आवश्यक कार्यों के लिए उन्हें विवाह प्रमाण पत्र की जरूरत थी। निर्धारित प्रक्रिया पूरी करने के बावजूद प्रमाण पत्र मिलने में विलंब हो रहा था, जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

समस्या के समाधान के लिए दंपति ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत प्राप्त होते ही जनपद पंचायत बड़ेराजपुर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर केवल 24 घंटे के भीतर विवाह प्रमाण पत्र जारी कर हितग्राहियों को सौंप दिया गया।

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन बनी आमजन की भरोसेमंद साथी

विवाह प्रमाण पत्र मिलने के बाद जितेन्द्र कुमार मरकाम और सरिता मरकाम ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय तथा जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से उनकी समस्या का त्वरित समाधान हुआ, जिससे उन्हें बड़ी राहत मिली और शासन व्यवस्था के प्रति उनका विश्वास और मजबूत हुआ।

सुशासन की दिशा में मजबूत कदम

प्रदेश सरकार की यह पहल दर्शाती है कि शिकायतों के त्वरित निवारण और नागरिक सेवाओं को सरल बनाने के लिए प्रशासन लगातार सक्रिय है। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन अब केवल शिकायत दर्ज करने का माध्यम नहीं, बल्कि आम नागरिकों को समयबद्ध समाधान उपलब्ध कराने वाली प्रभावी व्यवस्था बनकर उभर रही है।

कोण्डागांव का यह उदाहरण बताता है कि जब प्रशासन संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करता है, तो शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ सीधे आम जनता तक पहुंचता है। यही सुशासन की वास्तविक पहचान है।

About The Author