UPSC में चमके छत्तीसगढ़ के 13 युवा: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बढ़ाया हौसला, कहा- प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं
नई दिल्ली/रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नई दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ सदन में संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की प्रारंभिक परीक्षा में सफल हुए ट्राइबल यूथ हॉस्टल, द्वारका के विद्यार्थियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया। मुख्यमंत्री ने सभी सफल अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनकी सफलता को प्रदेश के मेहनतकश परिवारों के सपनों और संघर्ष की जीत बताया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इन विद्यार्थियों ने साबित कर दिया है कि सफलता आर्थिक संसाधनों या पारिवारिक पृष्ठभूमि पर नहीं, बल्कि मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प पर निर्भर करती है। उन्होंने कहा कि किसी के पिता किसान हैं, कोई राजमिस्त्री का बेटा है तो कोई शिक्षक परिवार से आता है, लेकिन सभी ने अपनी लगन से देश की सबसे प्रतिष्ठित परीक्षा के पहले चरण में सफलता हासिल की है।
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से उनकी तैयारी, अध्ययन पद्धति और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की। विद्यार्थियों ने ट्राइबल यूथ हॉस्टल में उपलब्ध अध्ययन वातावरण, मार्गदर्शन और सुविधाओं की सराहना करते हुए बताया कि इससे उन्हें बड़े लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें हासिल करने का आत्मविश्वास मिला।
उन्होंने विद्यार्थियों को मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार की तैयारी पूरी निष्ठा, सकारात्मक सोच और बेहतर समय प्रबंधन के साथ करने की सलाह दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासनिक सेवाएं केवल प्रतिष्ठित करियर नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र की सेवा का प्रभावी माध्यम हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार दूरस्थ और आदिवासी अंचलों के प्रतिभाशाली युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। इसी उद्देश्य से नई दिल्ली स्थित ट्राइबल यूथ हॉस्टल की क्षमता 50 से बढ़ाकर 200 सीट कर दी गई है, जिससे अधिक छात्रों को राजधानी में रहकर UPSC सहित अन्य राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का अवसर मिल सके।
उन्होंने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ का आधार शिक्षित, जागरूक और सक्षम युवा हैं। राज्य सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश का हर प्रतिभाशाली विद्यार्थी अपनी क्षमता के अनुरूप आगे बढ़े और देश की सर्वोच्च सेवाओं में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करे।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल भी उपस्थित रहे। दोनों नेताओं ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए मुख्य परीक्षा के लिए शुभकामनाएं दीं।
13 अभ्यर्थियों ने बढ़ाया छत्तीसगढ़ का मान
उल्लेखनीय है कि UPSC सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2026 में ट्राइबल यूथ हॉस्टल, द्वारका में रहकर तैयारी कर रहे 13 अभ्यर्थियों ने सफलता प्राप्त की है। इनमें अधिकांश विद्यार्थी जनजातीय, ग्रामीण एवं सामाजिक रूप से वंचित वर्गों से आते हैं। सफल अभ्यर्थियों में गौतम कुमार, कुलभूषण सिंह पोया, हरि चंद्र प्रकाश सिंह, मयंक रात्रे, मलिकराम पटेल, आर्यन राठौर, चेतन लाल, हरीश कुमार पटेल, किशन लाल साहू, सत्यनारायण चंद्राकर, दीक्षा दिवाकर, विकेश कुर्रे और प्रकाश पटेल शामिल हैं।
इन युवाओं की सफलता न केवल उनके परिवारों के लिए गौरव का विषय है, बल्कि छत्तीसगढ़ के हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत भी बन गई है।
