सुशासन तिहार शिविर में उमड़ा जनसैलाब: 248 आवेदन प्राप्त, 27 हितग्राहियों को मिली प्रधानमंत्री आवास की चाबियां
कोंडागांव। सुशासन तिहार के तहत कोंडागांव जिले के विकासखंड फरसगांव स्थित ग्राम पंचायत बड़ेडोंगर में आयोजित जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर में ग्रामीणों की भारी भागीदारी देखने को मिली। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा मौके पर ही जनसमस्याओं का समाधान किया गया और अनेक हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत बड़ेडोंगर की सरपंच चंद्रवती पुजारी ने की। शिविर का शुभारंभ विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत माध्यमिक विद्यालय परिसर में पौधरोपण कर किया गया।
248 आवेदन पहुंचे, मांग और निर्माण कार्यों से जुड़े मुद्दे प्रमुख
शिविर में कुल 248 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 183 मांग संबंधी, 58 निर्माण कार्यों से संबंधित तथा 7 शिकायत संबंधी आवेदन शामिल थे। अधिकारियों ने कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया, जबकि अन्य आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य से लेकर राशन कार्ड तक, हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ
शिविर में विभिन्न विभागों ने अपने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी दी और लाभ वितरित किए।
स्वास्थ्य विभाग ने 11 आयुष्मान कार्ड और 7 जन्म प्रमाण पत्र वितरित किए तथा 120 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। खाद्य विभाग ने 18 राशन कार्ड प्रदान किए, जबकि आधार केंद्र द्वारा 13 आधार अपडेट और 7 नए आधार पंजीयन किए गए।
महिला एवं बाल विकास विभाग ने 6 विद्यारंभ प्रमाण पत्र, 3 गोदभराई, 3 अन्नप्राशन और 3 सुपोषण किट वितरित किए। कृषि विभाग ने 7 किसानों को कीटनाशक सामग्री प्रदान की।
दिव्यांगों को मिली सहायता, किसानों और विद्यार्थियों को भी लाभ
समाज कल्याण विभाग द्वारा 4 दिव्यांग हितग्राहियों को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, 3 व्हीलचेयर, 3 श्रवण यंत्र तथा 5 स्टील छड़ियां वितरित की गईं। राजस्व विभाग ने 10 बी-1 एवं खसरा प्रतियां तथा 16 किसान किताबों का वितरण किया।
शिक्षा विभाग ने 12 जाति प्रमाण पत्र प्रदान किए, जबकि वन विभाग ने 2 मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया और 2 तेंदूपत्ता संग्राहकों को चेक वितरित किए।
27 हितग्राहियों को मिली प्रधानमंत्री आवास की चाबियां
मनरेगा के अंतर्गत 15 जॉब कार्ड वितरित किए गए। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 27 हितग्राहियों को उनके नए आवासों की चाबियां सौंपकर गृह प्रवेश का सपना साकार किया गया।
उद्यानिकी विभाग ने 11 हितग्राहियों को उन्नत किस्म के पौधे, मत्स्य विभाग ने 3 हितग्राहियों को मछली पकड़ने के जाल, क्रेडा विभाग ने 5 ड्यूल सोलर पंप और पशुधन विकास विभाग ने 7 हितग्राहियों को अनुदान प्रमाण पत्र प्रदान किए।
शासन की योजनाओं को गांव तक पहुंचाने का प्रभावी मंच
शिविर में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अविनाश भोई, एसडीएम अश्वन कुमार पुसाम, तहसीलदार जयकुमार नाग, जनपद पंचायत सीईओ रूपेंद्र नेताम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
शिविर के समापन पर एसडीएम अश्वन कुमार पुसाम ने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और ग्रामीणों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे शिविर शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने तथा योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम हैं।
