छत्तीसगढ़ शराब घोटाला: एसीबी और ईओडब्ल्यू की बड़ी कार्रवाई, अवैध परिवहन में प्रयुक्त 16 वाहन जब्त
रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाला मामले में राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) और एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब के परिवहन में प्रयुक्त 16 वाहनों को जब्त किया है। यह कार्रवाई बिलासपुर जिले की वेलकम डिस्टलरी और मुंगेली जिले की भाटिया वाइंस डिस्टलरी में की गई है।
जांच एजेंसी द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, अपराध क्रमांक 04/2024 के तहत की जा रही विवेचना में डिजिटल और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर इन वाहनों की पहचान की गई थी। जांच में यह तथ्य स्थापित हुआ है कि इन वाहनों का उपयोग गैर-कानूनी तरीके से निर्मित शराब (पार्ट-बी) को डिस्टलरियों से सीधे चयनित शासकीय देशी शराब दुकानों तक पहुंचाने के लिए किया जाता था।
विवेचना के दौरान यह बात भी सामने आई है कि अवैध परिवहन के इस कार्य के लिए डिस्टलरी मालिकों द्वारा अपनी कंपनियों, कर्मचारियों और कुछ विश्वसनीय व्यक्तियों के नाम पर पंजीकृत वाहनों का उपयोग किया जाता था। साक्ष्यों और गवाहों के बयानों के आधार पर पुलिस ने वेलकम डिस्टलरी, कोटा से 08 वाहन और भाटिया वाइंस डिस्टलरी, सरगांव से 08 वाहन, कुल 16 गाड़ियां जब्त की हैं।
इसके अतिरिक्त, जांच टीम को केडिया डिस्टलरी में भी अवैध कार्यों के लिए निजी वाहनों के उपयोग के प्रमाण मिले हैं। वर्तमान में उन वाहनों के स्वामित्व और संलिप्तता के संबंध में पृथक से जांच की जा रही है। ब्यूरो द्वारा इस पूरे प्रकरण में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और भारतीय दंड विधान की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत वैधानिक कार्यवाही निरंतर जारी है।
