सचिन पायलट का केंद्र पर हमला: मनरेगा के फंड पर नियंत्रण का विरोध, कहा- सरकार के फैसलों से किसानों का नुकसान

रायपुर। विभिन्न मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने आज विधानसभा घेराव किया। इससे पहले भारत माता चौक पर आयोजित सभा में प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला।

सभा को संबोधित करते हुए सचिन पायलट ने मनरेगा को लेकर केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पहले मनरेगा का अधिकांश फंड केंद्र से आता था, लेकिन अब खर्च और आवंटन पर नियंत्रण बढ़ा दिया गया है, जिससे राज्यों और किसानों पर असर पड़ रहा है।

वहीं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि किसानों को डीएपी खाद तक उपलब्ध नहीं हो पा रही है। उन्होंने गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों और उपलब्धता को लेकर भी चिंता जताई और कहा कि आम जनता महंगाई से परेशान है।

बघेल ने आरोप लगाया कि पहले मनरेगा के तहत मजदूरों को समय पर मजदूरी मिलती थी, लेकिन अब इसमें बदलाव किया गया है और योजना के लिए मिलने वाली राशि में भी कमी आई है। उन्होंने कहा कि इससे गरीबों पर सीधा प्रभाव पड़ रहा है और उनके अधिकार कमजोर हो रहे हैं।

सभा में कांग्रेस नेताओं ने केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए किसानों, मजदूरों और आम जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।

About The Author