बंगाल विधानसभा चुनाव दो चरणों में, 4 मई को आएंगे नतीजे

कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान हो गया है। चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि राज्य में इस बार दो चरणों में मतदान कराया जाएगा। पहले चरण के लिए 23 अप्रैल और दूसरे चरण के लिए 29 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। मतगणना 4 मई को होगी।

तारीखों की घोषणा के साथ ही राज्य में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। पिछली बार 2021 के विधानसभा चुनाव में मतदान आठ चरणों में कराया गया था, लेकिन इस बार चुनाव केवल दो चरणों में संपन्न होंगे।

वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव में पहले चरण का मतदान 27 मार्च को हुआ था, जबकि अंतिम चरण की वोटिंग 29 अप्रैल को कराई गई थी। उस चुनाव में राज्य की 294 विधानसभा सीटों पर आठ चरणों में मतदान संपन्न हुआ था।

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2021 के नतीजे 2 मई को घोषित किए गए थे। उस चुनाव में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस ने 294 में से 213 सीटों पर जीत दर्ज कर सत्ता में वापसी की थी। भाजपा 77 सीटों के साथ मुख्य विपक्षी दल के रूप में उभरी थी।

वहीं, वाम दल और कांग्रेस का गठबंधन खाता भी नहीं खोल सका था। इंडियन सेक्युलर फ्रंट और एक निर्दलीय उम्मीदवार को एक-एक सीट पर जीत मिली थी।

इस बार दो चरणों में चुनाव कराने के फैसले को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज है। अब सभी प्रमुख दल चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देने में जुट गए हैं।

About The Author