कोरबा में पूर्व विधायक के बेटे का हंगामा: कार से दुकान में मारी टक्कर, पुलिस से की अभद्रता

कोरबा। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत इतवारी बाजार में बुधवार को एक पूर्व गृहमंत्री के बेटे द्वारा जमकर हंगामा करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने नशे की हालत में अपनी कार से एक दुकान में जोरदार टक्कर मार दी। जानकारी के अनुसार, कार पर पूर्व विधायक रामपुर का बोर्ड लगा हुआ था।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि वह सीधे दुकान के भीतर जा घुसी, जिससे दुकान को काफी नुकसान पहुंचा है। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे लोगों के साथ आरोपी संदीप कंवर ने न केवल गाली-गलौज की, बल्कि मारपीट का प्रयास भी किया।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर कोतवाली थाने ले आई। थाने में भी संदीप कंवर का हंगामा जारी रहा। आरोप है कि उसने पुलिसकर्मियों के साथ न केवल अभद्र व्यवहार किया, बल्कि अपने पिता के रसूख का रौब दिखाते हुए पुलिस को चुनौती दी। इसके बाद वह गाली-गलौज करते हुए थाने से ही अपनी कार लेकर फरार हो गया।

इस मामले में एक महत्वपूर्ण पहलू यह भी है कि जिस दुकान को टक्कर मारी गई, उस पीड़ित परिवार की बेटी पुलिस विभाग में आरक्षक के पद पर कार्यरत है। घटना के बाद से क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश की जा रही है।

About The Author