अवैध शराब के खिलाफ पुलिस का अभियान, घुटकु रेलवे लाइन किनारे से भारी मात्रा में महुआ लाहन बरामद

बिलासपुर। पुलिस ने अवैध शराब बनाने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए घुटकु रेलवे लाइन के किनारे झाड़ियों में छिपाकर रखे गए 300 प्लास्टिक डिब्बों में भरे करीब 6000 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया है। यह कार्रवाई कोनी थाना क्षेत्र में की गई।

पुलिस उप महानिरीक्षक और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज कुमार पटेल तथा नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार 9 मार्च 2026 को कोनी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि घुटकु स्टेशन पारा के पास रेलवे लाइन किनारे बड़ी मात्रा में महुआ लाहन छिपाकर रखा गया है, जिसका उपयोग अवैध शराब बनाने में किया जाना था। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाशी अभियान चलाया।

तलाशी के दौरान रेलवे लाइन से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर झाड़ियों में छिपाकर रखे गए 300 प्लास्टिक डिब्बों में भरा महुआ लाहन बरामद किया गया। बरामद सामग्री को आबकारी विभाग के अमले की मौजूदगी में नष्ट कर दिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

About The Author